राजगीर में पहली बार निकली भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयकारों से गूंजा पर्यटन नगरी

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : पर्यटन नगरी राजगीर में शुक्रवार को पहली बार भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

रथयात्रा शुरू होने से पहले भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुए इस अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने बड़ी आस्था के साथ हिस्सा लिया।

पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी जयघोष के बीच भगवान के रथ को खींचा। रथयात्रा मार्ग पर भक्त भजन-कीर्तन करते हुए झूमते नजर आए और भगवान के दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

आयोजन समिति के अध्यक्ष महेंद्र यादव ने बताया कि राजगीर में पहली बार भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का पारंपरिक तरीके से आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य भगवान श्री जगन्नाथ की भक्ति के साथ-साथ सनातन संस्कृति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाओं और अनुशासन को बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई। श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी से यह पहला रथयात्रा महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।