प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत बिहार को 400 इलेक्ट्रिक बसों की स्वीकृति, 200 बसें 12 मीटर एवं 200 बसें 9 मीटर श्रेणी की होंगी। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के 149 डीलक्स बस बेड़े में से 3 ए०सी० एवं 73 नॉन-ए०सी० बसों का शुभारंभ ।
पटना, मुजफ्फरपुर, गया, भागलपुर, दरभंगा एवं पूर्णिया के लिये इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से वायु प्रदूषण में कमी तथा पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बल।
नई डीलक्स बसों का संचालन दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हरियाणा सहित प्रमुख अंतरराज्यीय मार्गों पर किया जाएगा।
BP DESK : मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज पटना स्थित वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में परिवहन विभाग द्वारा आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के अंतर्गत संचालित होने वाली इलेक्ट्रिक बसों तथा बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) के नए डीलक्स बस बेड़े को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के अंतर्गत बिहार को स्वीकृत 400 इलेक्ट्रिक बसों (200 बसें 12 मीटर एवं 200 बसें 9 मीटर श्रेणी की) में से प्रथम इलेक्ट्रिक बस का लोकार्पण किया गया। साथ ही बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के 149 डीलक्स बसों (75 ए०सी० एवं 74 नॉन-ए०सी०) के बेड़े में से 3 ए०सी० एवं 73 नॉन-ए०सी० बसों का शुभारंभ भी किया गया।
इन बसों में आधुनिक तकनीक आधारित सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्राप्त होगा। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा नई डीलक्स बसों का परिचालन बिहार से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हरियाणा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण अंतर्राज्यीय मार्गों पर किया जाएगा। इन बसों के परिचालन से निगम की सेवाओं का विस्तार होगा तथा यात्रियों को निजी परिवहन के स्थान पर सुरक्षित, किफायती एवं विश्वसनीय सार्वजनिक परिवहन का बेहतर विकल्प मिलेगा।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री श्री विजेंद्र प्रसाद यादव, परिवहन मंत्री श्री दामोदर रावत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त श्री मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, परिवहन विभाग के सचिव श्री राज कुमार, बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक श्री अतुल कुमार वर्मा सहित परिवहन विभाग एवं बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
