नालंदा: जनता दरबार में डीएम ने सुनीं 26 शिकायतें, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश

बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : जिलाधिकारी उदिता सिंह ने शनिवार को आयोजित जन-सुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे 26 फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए सभी मामलों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जन-शिकायतों का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और आम नागरिकों की समस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जन-सुनवाई के दौरान भूमि एवं राजस्व से जुड़े कई मामलों पर विशेष समीक्षा की गई। भूमि से संबंधित गलत प्रतिवेदन की शिकायतों पर प्रभारी पदाधिकारी, जिला राजस्व शाखा को निष्पक्ष जांच कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अतिक्रमण की शिकायतों पर अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।

अवैध भवन निर्माण की शिकायत पर बिहारशरीफ के अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को संयुक्त जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं, अपनी भूमि पर खेती नहीं करने देने की शिकायत पर राजगीर के एसडीओ और एसडीपीओ को जांच कर शिकायतकर्ता को आवश्यक राहत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को पात्र छात्रों को शीघ्र लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए जिलाधिकारी ने समयबद्ध कार्रवाई कर शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।