बीपी डेस्क। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने मीडिया के सवाल पर कहा कि ‘हम नीतीश कुमार जी का धन्यवाद देते हैं कि हमारे कहने पर उन्होंने तीन बार समीक्षा किया है. शराबबंदी एकदम ठीक है, यह होना चाहिए.’ इससे पहले भी शराबबंदी को उन्होंने उचित बताया था. लेकिन जीतन राम मांझी लगातार यह भी कहते आए हैं कि इस कानून के इंप्लीमेंटेशन में गड़बड़ी की जा रही है.
आज फिर मीडिया के सवाल पर जीतन राम मांझी ने कहा, हम जीतन राम मांझी वैसे परिवार से हैं जहां हमारे पिताजी शराब बनाते और बेचते थे. लेकिन हम 82 साल के हो गए हैं और आज तक शराब नहीं पीए. तो क्या कोई कानून था? शराबबंदी अच्छा है.
लेकिन शराबबंदी को इंप्लीमेंट करने वाले जो लोग हैं, वे गड़बड़ी करते हैं. ऐसे लोग ही सरकार को बदनाम कर रहे हैं. यहां पर टाइट होने की जरूरत है. जहां तक शराबबंदी की बात है तो यह उचित कानून और नियम है.
LPG क्राइसिस पर भी दिया बयान
इस दौरान केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने LPG क्राइसिस पर भी बयान दिया. उन्होंने कहा, हमारे यहां रसोई गैस की कोई कमी नहीं है. गांव में जो चालाक लोग हैं वो दो की जगह चार या पांच सिलेंडर लेना चाह रहे हैं. इसके अलावा निर्धारित रेट से ज्यादा रेट में सिलेंडर बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
साथ ही विपक्ष के हमले पर उन्होंने कहा, विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वे इस तरह का बयान दे रहे हैं. वहीं ईरान-अमेरिका-इजरायल वॉर के बीच देश में रसोई गैस के लिए हाहाकार मचा. बिहार की बात करें तो, एलपीजी सिलेंडर के लिए गैस गोदामों और एजेंसियों के बाहर लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही.
लेकिन सरकार और जिला प्रशासन की तरफ से सिलेंडर की किल्लत नहीं होने का दावा किया जा रहा है. साथ ही लोगों से पैनिक नहीं होने की भी अपील की जा रही है.
