नालंदा : वांग चुंग और जंतर-मंतर में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में बिहारशरीफ में छात्रों का विशाल प्रदर्शन, 2 हजार से अधिक छात्र सड़क पर उतरे

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र संगठनों के आंदोलन और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को बिहारशरीफ के अस्पताल चौक पर छात्रों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। करीब दो हजार से अधिक छात्रों ने सड़क पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन में जिले के विभिन्न कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों के छात्र शामिल हुए। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए छात्रों ने शांतिपूर्ण मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि देशभर के छात्र शिक्षा व्यवस्था में सुधार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, पेपर लीक पर कठोर कार्रवाई, युवाओं के भविष्य की सुरक्षा और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उनका आरोप था कि जंतर-मंतर और संसद मार्च के दौरान अपनी मांगों को शांतिपूर्वक रख रहे छात्रों पर लाठीचार्ज कर उनकी आवाज दबाने की कोशिश की गई, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

छात्र नेताओं ने कहा कि सरकार को छात्रों की समस्याओं का समाधान बल प्रयोग से नहीं बल्कि संवाद के माध्यम से करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि छात्रों पर लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही शिक्षा व्यवस्था में सुधार, प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाने, पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने, दोषियों को कड़ी सजा देने तथा छात्र संगठनों की मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान अस्पताल चौक पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात रही। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने की अपील की। हालांकि पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।