नालंदा: बिहार में हर दूसरी गर्भवती महिला एनीमिया की शिकार, सदर अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मियों को मिला विशेष प्रशिक्षण

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : एनीमिया (खून की कमी) से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने के उद्देश्य से गुरुवार को सदर अस्पताल के सभागार में स्वास्थ्यकर्मियों को एनीमिया मॉड्यूल 2.0 एवं एफसीएम (फेरिक कार्बोक्सीमाल्टोज) इंजेक्शन थेरेपी पर एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। स्वास्थ्यकर्मियों को एनीमिया की पहचान, उपचार और गंभीर एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं के बेहतर प्रबंधन की जानकारी दी गई।

पहले सत्र में एनीमिया की वर्तमान स्थिति, इसके कारण, लक्षण, जांच, संभावित दुष्परिणाम तथा बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। गर्भावस्था के दौरान समय पर जांच और उपचार नहीं होने पर मां और शिशु दोनों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। इसलिए प्रत्येक गर्भवती महिला की नियमित जांच और समय पर उपचार आवश्यक है।

दूसरे सत्र में एफसीएम (फेरिक कार्बोक्सीमाल्टोज) इंजेक्शन थेरेपी की जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि यह नस के माध्यम से दिया जाने वाला विशेष आयरन इंजेक्शन है, जिसका उपयोग आयरन की कमी से होने वाले गंभीर एनीमिया के इलाज में किया जाता है। एक बार में 500 मिलीग्राम तथा अधिकतम 1000 मिलीग्राम तक इंजेक्शन दिया जा सकता है।

सामान्यतः एक या दो डोज ही पर्याप्त होती हैं। इस थेरेपी से हीमोग्लोबिन और शरीर में आयरन की मात्रा तेजी से बढ़ती है, जिससे गर्भवती महिलाओं को गंभीर एनीमिया से बचाने में मदद मिलती है। यह इंजेक्शन केवल चिकित्सक या प्रशिक्षित नर्स की निगरानी में ही लगाया जाता है।

अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ राजीव रंजन ने बताया कि बिहार में एनीमिया की स्थिति चिंताजनक है। 6 से 59 माह के 100 बच्चों में 69 बच्चे एनीमिया से प्रभावित हैं, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह आंकड़ा 67 है। 15 से 19 वर्ष की किशोरियों में बिहार में 66 प्रतिशत और देश में 59 प्रतिशत एनीमिया से ग्रस्त हैं।

वहीं 15 से 49 वर्ष की महिलाओं में बिहार में 64 प्रतिशत और देश में 57 प्रतिशत महिलाएं एनीमिया की शिकार हैं। सबसे अधिक चिंता गर्भवती महिलाओं की स्थिति को लेकर है, जहां बिहार में 63 प्रतिशत और देश में 52 प्रतिशत गर्भवती महिलाएं एनीमिया से पीड़ित हैं। प्रशिक्षण में पिरामल की सरिता कुमारी, सुपर्णा टाट , रुक्मिणी कुमारी, शिवेंद्र कुमार, मिथलेश कुमार, उज्ज्वल कुमार राजीव कुमार व अन्य मौजूद थे।