पंचायतों में लगी सोलर स्ट्रीट लाईट्स की स्थिति जान सकेंगे आमजन

पटना
  • राज्य के सभी समाहरणायलों में लगेगी एलईडी टीवी
  • राज्य योजना मद से कुल 76 लाख रुपये स्वीकृत

बीपी डेस्क। राज्य की पंचायत में लगी सोलर स्ट्रीट लाइट के क्रियाशीलता की जानकारी अब सभी जिला समाहरणालयों में मिलेगी। इसके लिए पंचायती राज विभाग समाहरणालयों में एलईडी टीवी का अधिष्ठापन करेगा। मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाईट योजना के तहत ग्राम पंचायतों में अधिष्ठापित सोलर स्ट्रीट लाईट के अनुश्रवण को और अधिक प्रभावी व पारदर्शी बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है।

राज्य योजना मद से 76 लाख रुपये स्वीकृत
इसके लिए विभाग के स्तर से ब्रेडा के माध्यम से केंद्रीकृत अनुश्रवण प्रणाली (सीएमएस) विकसित किया गया, जो सोलर स्ट्रीट लाईट्स की क्रियाशीलता से संबंधित रियल टाइम अपडेट देगी। इसके लिए राज्य योजना मद से कुल 76 लाख रुपये (दो लाख रुपये प्रति जिला) की राशि स्वीकृत की गई है। योजना की पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में विभाग की यह एक महत्वपूर्ण पहल है।

15 दिनों में होगा अधिष्ठापन: निदेशक
विभाग के निदेशक नवीन कुमार सिंह ने कहा कि 15 दिनों के अंदर समाहरणालयों में सार्वजनिक स्थलों पर एलईडी टीवी का किया जाएगा। योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना विभाग का परम ध्येय है।

टीवी के माध्यम से ग्राम पंचायतों में लगाई गई सोलर स्ट्रीट लाईट्स की अद्यतन स्थिति को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करना योजना को पारदर्शी बनाने की दिशा में एक प्रमुख कदम है। क्रियान्वित योजनाओं का लोगों को अधिक से अधिक लाभ प्राप्त हो इसके लिए विभाग, निरंतर प्रयत्न कर रहा है।