रामोडीह उर्दू विद्यालय विवाद में बड़ा एक्शन: 5 शिक्षक निलंबित, 2 का तबादला, जांच जारी

सासाराम

-200 छात्रों वाले स्कूल में विवाद के बाद प्रशासन सख्त, ग्रामीणों की निगाह अब जांच रिपोर्ट पर

सासाराम / अरविंद कुमार सिंह (रोहतास): रोहतास जिले के राजपुर प्रखंड अंतर्गत रामोडीह स्थित उर्दू मध्य विद्यालय में हाल ही में सामने आए विवाद के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने एक साथ कई शिक्षकों पर कार्रवाई की है, जिससे इलाके में चर्चा तेज हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय में कुल 200 छात्र नामांकित हैं, जिनमें 125 हिंदू और 75 मुस्लिम छात्र शामिल हैं। विद्यालय में कुल 7 शिक्षक पदस्थापित थे। इनमें प्रभारी प्रधानाध्यापक अख्तर अली सहित 5 मुस्लिम शिक्षक—मोहम्मद ईमान, अनवर खान, सूफिया खातून और हिना कौसर शामिल हैं, जबकि 2 शिक्षक हिंदू समुदाय से हैं।

प्रखंड संसाधन केंद्र से जारी आदेश के अनुसार प्रशासन ने दोनों हिंदू शिक्षकों को डेपुटेशन पर अन्य विद्यालयों में भेज दिया है। वहीं दूसरी ओर, विवाद से जुड़े मामले में 5 मुस्लिम शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई विद्यालय में सामने आए विवादित मामले के बाद की गई है, जिसकी जांच फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर जारी है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक मामले के सभी पहलुओं का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।

इस कार्रवाई के बाद स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों में कई तरह की चर्चाएं हैं। लोग अब जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जिससे पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके। प्रशासन की सख्ती से साफ संकेत मिल रहा है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या विवाद को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।