बिहारशरीफ में डकैती, महिला को बंधक बनाकर 5 लाख की लूट

बिहारशरीफ

5-6 हथियारबंद ने ग्रिल काटकर दिया वारदात को अंजाम,

5 लाख की संपत्ति लूटी, जांच में जुटी पुलिस

बिहारशरीफ: अविनाश पांडेय : बिहारशरीफ शहर में डकैती हुई है। वारदात नगर थाना क्षेत्र के अधीन है। छज्जू मोहल्ला में बुधवार देर रात अंजाम दिया गया। हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर अकेली महिला को बंधक बना लिया और करीब 5 लाख रुपये की संपत्ति लूट ली। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

पीड़िता 28 वर्षीय हेना परवीन हैं। महिला घर में अकेली थीं। पति शनशुद जोहार दिल्ली में ऑप्टिकल का काम करते हैं। हेना पिछले एक महीने से मकान में पेंट और टाइल्स का काम करवाने के लिए वहीं रुकी हुई थीं।

ग्रिल काटकर तीसरी मंजिल से घुसे बदमाश

पीड़िता के भाई मोहम्मद शाहिद अली के अनुसार, घटना रात करीब 2:30 से 2:45 बजे के बीच की है।। 5-6 नकाबपोश अपराधी बाहरी छज्जे के सहारे तीसरी मंजिल पर पहुंचें और लोहे की ग्रिल व खिड़की के सरिए काटकर घर में घुस गए।

घर में घुसते ही बदमाशों ने हेना परवीन को हथियार के बल पर काबू में कर लिया और गहनों व नकदी के बारे में पूछताछ करने लगे। विरोध करने पर उनके चेहरे पर कई वार किए गए, जिससे उनका चेहरा बुरी तरह सूज गया।

20-25 मिनट तक घर खंगाला

अपराधियों ने करीब 20 से 25 मिनट तक घर की तलाशी ली और अलमारी में रखे लगभग 25 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और पुराने पीतल के बर्तन लेकर फरार हो गए।

स्थानीय भाषा में कर रहे थे बातचीत

परिजनों के अनुसार, बदमाश मगही भाषा में बातचीत कर रहे थे, जिससे उनके स्थानीय होने की आशंका जताई जा रही है। वारदात के बाद अपराधियों ने पीड़िता का मोबाइल फोन छीन लिया, सिम कार्ड निकालकर फोन घर में ही फेंक दिया। इसके बाद महिला को बाथरूम में बंद कर मेन गेट से फरार हो गए।

जांच में जुटी पुलिस, FSL टीम मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। अपर पुलिस अधीक्षक नुरुल हक ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा।