बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : समाहरणालय में आयोजित जन-सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी उदिता सिंह ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे 31 फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं विधिसम्मत निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जन-सुनवाई के दौरान भूमि विवाद, नगर निगम की नाली को अवैध रूप से तोड़ने, वर्षों से लंबित भूमि विवाद, मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना की राशि नहीं मिलने, जमाबंदी सृजन, गैर मजरूआ आम भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान निर्माण, जबरन दरवाजा खोलने तथा खेत की मापी सहित कई महत्वपूर्ण शिकायतें सामने आईं। जमीनी विवाद से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी (हिलसा) एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (हिलसा) को निष्पक्ष, विस्तृत एवं समयबद्ध जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
नगर निगम की नाली को अवैध रूप से क्षतिग्रस्त किए जाने की शिकायत पर नगर आयुक्त, बिहारशरीफ नगर निगम को जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वहीं वर्षों से लंबित भूमि विवाद के मामले में अपर समाहर्ता, नालंदा को विस्तृत जांच कर शिकायतकर्ता को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने को कहा गया।
मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना की राशि नहीं मिलने की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा जमाबंदी सृजन एवं गैर मजरूआ आम भूमि पर अवैध कब्जे से जुड़े मामलों में जिला राजस्व शाखा को नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। खेत की मापी संबंधी शिकायत पर अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को त्वरित जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जन-सुनवाई में प्राप्त अन्य सभी आवेदनों को भी संबंधित विभागों को भेजते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दोहराया कि जन-शिकायतों का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।
