मुख्यमंत्री के समक्ष गया जी में 6 हजार करोड़ रूपये के एकीकृत इस्पात परियोजना के लिये उद्योग विभाग एवं महाशक्ति ग्रुप के बीच MOU पर हस्ताक्षर

पटना

गया जी में बड़े एकीकृत इस्पात (Large Integrated Steel Project) की स्थापना के लिए उद्योग विभाग एवं महाशक्ति ग्रुप के बीच एम०ओ०यू० पर हस्ताक्षर। प्रस्तावित परियोजना में लगभग 6 हजार करोड़ रूपये के प्रस्तावित न्यूनतम निवेश का प्रावधान है। प्रस्तावित परियोजना की उत्पादन क्षमता 1.0 से 1.5 मिलियन टन प्रति वर्ष (MTPA) होगी।

परियोजना से बिहार में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन एवं निवेश को नई गति मिलेगी। सहायक एवं लघु उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्राप्त होगी।

बीपी डेस्क। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के समक्ष लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में 6 हजार करोड़ रूपये के प्रस्तावित बड़े एकीकृत इस्पात (Large Integrated Steel Project) की स्थापना हेतु उद्योग विभाग तथा महाशक्ति ग्रुप के बीच एम०ओ०यू० पर हस्ताक्षर कर उसका आदान-प्रदान किया गया।

यह परियोजना गया जी जिले में स्थापित की जाएगी, जिसकी प्रस्तावित तैयार इस्पात उत्पादन क्षमता 1.0 से 1.5 मिलियन टन प्रति वर्ष (MTPA) होगी। इस निवेश के माध्यम से बिहार के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी तथा राज्य को देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार राज्य में उद्योगों के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। निवेशकों को बेहतर आधारभूत संरचना, पारदर्शी नीतियां तथा त्वरित प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे राज्य में बड़े निवेश आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस्पात परियोजना के स्थापित होने से स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। साथ ही इससे सहायक एवं लघु उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्राप्त होगी।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि बिहार इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (BIADA), उद्योग विभाग एवं निवेशक संस्थानों के समन्वित प्रयासों से यह परियोजना निर्धारित समय सीमा में आगे बढ़ेगी और राज्य के औद्योगिक विकास के नए अध्याय की शुरुआत करेगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, उद्योग विभाग के सचिव श्री कुंदन कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, उद्योग विभाग के निदेशक श्री मुकुल कुमार गुप्ता, अन्य पदाधिकारीगण एवं महाशक्ति ग्रुप के श्री अनमोल लोढ़ा, श्री विष्णु नाथ सहित महाशक्ति ग्रुप के पदाधिकारी उपस्थित थे।