बिहारशरीफ,अविनाश पांडेय। पुलिस का शाब्दिक अर्थ पुरुषार्थ, लिप्सा रहित एवं स्वार्थ रहित जैसे शब्दों से सुसज्जित है। ऐसे पवित्र शब्दों को बदनाम करने की एक नई तस्वीर नालंदा जिले से सामने आई है। जहां कानूनी कार्रवाई को लेकर एक गांव में पहुंची पुलिस द्वारा एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उसके बाल खींचे गए एवं महिला को थप्पड़ जड़ा गया।
मामला सोशल साइट्स के विभिन्न प्लेटफार्म पर वायरल होने के बाद लोगों के संज्ञान में आया। इस मामले पर फौरी एक्शन लेते हुए नालंदा के पुलिस अधीक्षक द्वारा एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम गठित कर दी गई है। जो मामले की रिपोर्ट तैयार करके पुलिस मुख्यालय को सुपुर्द करेगी। मामला जिले के थरथरी थाना क्षेत्र अंतर्गत दिरीपुर गांव की है।
शुक्रवार की रात पुलिस कार्रवाई के दौरान महिला से मारपीट का मामला सामने आया । आरोप है कि थरथरी थानाध्यक्ष संजय कुमार ने घर में घुसकर एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार किये और थप्पड़ मारे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया।
पीड़ित महिला की पहचान विजय सरस्वती के रूप में हुई है, जो आंगनबाड़ी सेविका बताई जा रही हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस एक मामले में राम बच्चन प्रसाद को गिरफ्तार करने उनके घर पहुंची थी। वायरल वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि मौके पर एक महिला पुलिसकर्मी मौजूद थीं, जिन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की, इसके बावजूद थानाध्यक्ष द्वारा थप्पड़ मारने का आरोप लगाया गया है।
बिफोर प्रिंट इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।हालांकि थानाध्यक्ष संजय कुमार ने मारपीट के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी के दौरान घर की महिलाएं रास्ता रोककर खड़ी हो गई थीं, जिन्हें केवल हटाया गया, मारपीट का आरोप बेबुनियाद है। इधर, हिलसा डीएसपी-2 ऋषि राज ने बताया कि वायरल वीडियो का मामला संज्ञान में लिया गया है और इसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
