बीपी डेस्क। पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की जमानत याचिका पर सुनवाई टल गई है. ऐसे में सांसद अभी बेऊर जेल में ही बंद रहेंगे. आज सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके कारण सुनवाई टाल दी गई. जानकारी के मुताबिक, मेल के जरिए पटना सिविल कोर्ट को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी मिली.
मेल आते ही सिविल कोर्ट को खाली करवा दिया गया. सिर्फ पटना सिविल कोर्ट ही नहीं बल्कि भागलपुर जिले में व्यवहार न्यायालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली. धमकी मिलते ही सोमवार को कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया. सुरक्षा को लेकर वकीलों ने न्यायिक कामकाज पूरी तरह बंद रखा. धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गई.
लेकिन जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई. पुलिस प्रशासन ने बताया कि धमकी की गंभीरता से जांच की जा रही है और कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पटना सिविल कोर्ट और भागलपुर में कोर्ट के अलावा औरंगाबाद में भी सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली.
वकीलों ने कहा कि जिला जज के सरकारी मेल पर औरंगाबाद कोर्ट को उड़ाने से संबंधित एक धमकी भरा लेटर आया है. इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई. जिसके बाद भारी संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती कोर्ट परिसर में कर दी गई. कोर्ट को जल्द खाली करने का निर्देश दिया गया.
एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने बताया कि एसपी के निर्देश पर कोर्ट परिसर की जांच की जा रही है. एक साथ बिहार के 3 जिलों में सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद हड़कंप मच गया है. पटना में पप्पू यादव के मामले में सुनवाई धमकी मिलने के बाद टल गई.
रविवार को उनकी तबीयत में सुधार के बाद पीएमसीएम से बेऊर जेल भेज दिया गया था. पप्पू यादव की तरफ से दी गई जमानत याचिका पर आज सुनवाई टलने के बाद अब कब सुनवाई होगी, इस पर नजरें टिकी हैं.
