‘‘उमंग-2026″ के तहत इंजीनियरिंग कॉलेजों की खेल प्रतियोगिताएं निर्णायक दौर में; बैडमिंटन, एथलेटिक्स और क्रिकेट में कड़ी प्रतिस्पर्धा

पटना

बीपी डेस्क। विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत आयोजित राज्यस्तरीय खेल, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव ‘उमंग-2026’ के तहत 10 फरवरी से प्रारंभ राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों के छात्र-छात्राओं की खेल प्रतियोगिताएं अब निर्णायक दौर में पहुँच चुकी हैं। पाटलिपुत्र खेल परिसर में चल रहे इन मुकाबलों में राज्य के विभिन्न प्रमंडलों से चयनित खिलाड़ी राज्य स्तर पर अपनी श्रेष्ठता साबित करने के लिए आमने-सामने हैं।

बुधवार को बैडमिंटन, एथलेटिक्स, रिले रेस, कैरम, चेस, वॉलीबॉल और क्रिकेट स्पर्धाओं में मुकाबले खेले गए। बैडमिंटन महिला वर्ग के सेमीफाइनल में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, गया और वैशाली ने जीत दर्ज कर फाइनल में स्थान सुनिश्चित किया।

एथलेटिक्स में ट्रैक और फील्ड स्पर्धाओं में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जहां 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, बक्सर के फैजन रज़ा खान पहले स्थान पर रहे। हाई जंप और लॉन्ग जंप में सुपौल, भोजपुर, बेगूसराय और सिवान के खिलाड़ियों ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

रिले रेस में टीम समन्वय निर्णायक रहा। 4×100 मीटर और 4×400 मीटर रिले में बालक वर्ग में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, बक्सर तथा बालिका वर्ग में गया और भोजपुर की टीमों ने बढ़त बनाई। कैरम प्रतियोगिता में बालक वर्ग में सौरभ कुमार और बालिका वर्ग में संजना कुमारी विजेता रहीं। चेस स्पर्धा में गया, बक्सर, तिरहुत और भागलपुर डिविजन की टीमों को विजेता घोषित किया गया।

क्रिकेट प्रतियोगिता में खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के बाद अब सेमीफाइनल चरण तय हो गया है। पहले सेमीफाइनल में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, समस्तीपुर और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सीतामढ़ी आमने-सामने होंगे, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, बक्सर और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, औरंगाबाद के बीच मुकाबला होगा। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भी बालक एवं बालिका वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों के साथ स्पर्धा अंतिम दौर में प्रवेश कर चुकी है।

उल्लेखनीय है कि ‘उमंग-2026’ का कल अंतिम दिन है, जिसमें शेष खेलों के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। समापन अवसर पर खेल, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में संयुक्त प्रदर्शन के आधार पर एक राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज को प्रतियोगिता का शीर्ष स्थान प्रदान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *