महाशिवरात्रि के मद्देनजर बिहार में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, शिव मंदिरों में अतिरिक्त बल, CCTV निगरानी व बम निरोधक दस्ते की तैनाती

पटना

बीपी डेस्क। महाशिवरात्रि को लेकर बिहार पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर में हाई अलर्ट जारी किया है. पटना सहित सभी जिलों के एसएसपी और एसपी को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है. भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने को कहा गया है. मुजफ्फरपुर के गरीबनाथ मंदिर समेत सभी बड़े शिव मंदिरों और पूजा स्थलों को संवेदनशील सूची में रखा गया है.

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं. मंदिर परिसरों में सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी रखने का आदेश दिया गया है. स्थानीय पुलिस प्रशासन को भीड़ प्रबंधन की ठोस योजना बनाने को कहा गया है. प्रवेश और निकास द्वारों पर विशेष चौकसी बरती जाएगी. पुलिस मुख्यालय ने निर्देश दिया है कि जरूरत के अनुसार पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती हो.

सिविल ड्रेस में पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया जाएगा. इनका काम संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना होगा. संवेदनशील स्थानों पर क्विक रिस्पॉन्स टीम भी एक्टिव रहेगी. अफसरों को लगातार पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया गया है. बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने का आदेश दिया गया है.

मंदिर परिसरों और आसपास के इलाकों की जांच पहले से की जाएगी. कोई भी संदिग्ध वस्तु मिलने पर तत्काल कार्रवाई होगी. पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है. संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना देने को कहा गया है. महाशिवरात्रि के मौके पर लाखों श्रद्धालु शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने पहुंचते हैं. ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां कोई चूक नहीं चाहतीं. राज्यभर में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारी की गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *