— नालन्दा जिला अन्तर्गत आज कुल 65,662 महिलाओं के खाते में 65,66,20,000 की राशि हस्तांतरित करने के लिए अनुशंसित
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय: 16 फरवरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कर कमलों द्वारा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना अंतर्गत 25 लाख महिला लाभुकों को ₹10,000 प्रति लाभुक की दर से ₹2500 करोड़ की राशि का अन्तरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हरदेव भवन सभागार बिहारशरीफ में आयोजित किया गया।
इस योजना अंतर्गत राज्य के सभी परिवारों की एक महिला को रोजगार शुरु करने के लिये आर्थिक सहायता दिये जाने की योजना है। हर समुदाय व हर वर्ग के परिवारों की महिलायें इसका लाभ ले सकती हैं।अपनी पसंद का रोजगार शुरु करने के लिये प्रारंभिक राशि ₹10 हजार दी जा रही है।
बाद में आकलन कर ₹2 लाख तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता का प्रावधान है। पसंद के रोजगार हेतु प्रशिक्षण की भी व्यवस्था है। यह सामुदायिक सहकारिता आधारित योजना है। योजना से लाभान्वित कराने के लिये लाभुकों को पहले स्थानीय स्वयं सहायता समूह से जोड़ा जायेगा।
रोजगार के चयन एवं उसे शुरू करने में उन्हें स्थानीय समूहों की सहायता मिलेगी।प्रशिक्षण, उत्पादन में सहयोग के साथ-साथ महिलाओं के उत्पादों की बिक्री के लिये गांव से शहरों तक हाट-बाजार भी विकसित किये जायेंगे।
इस योजना का लक्ष्य महिलाओं को रोजगार एवं उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है। स्वावलंबन एवं आत्मनिर्भरता पर केन्द्रित इस योजना के माध्यम से राज्य एवं देश के आर्थिक विकास को बल मिलेगा। नालन्दा जिला अन्तर्गत आज कुल 65,662 महिलाओं के खाते में 65,66,20,000 की राशि हस्तांतरित करने हेतु अनुशंसित किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार, उप विकास आयुक्त, नालन्दा, जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक, संचार प्रबंधक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, नालन्दा, आईटी मैनेजर सहित भारी संख्या में जीविका दीदी और अन्य जीविका कर्मी उपस्थित थे ।
