बीपी डेस्क। पटना के गांधी मैदान में मुसहर भुइयां समुदाय के लोग इकठ्ठा हुए। जिसके बाद उन्होंने गांधी मैदान से विधानसभा मार्च निकाला है। जानकारी अनुसार पटना में अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के खिलाफ महादलित समुदाय के लोगों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारी गांधी मैदान से मार्च करते हुए जेपी गोलंबर के समीप पहुंचे, जहां जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को तोड़ दिया गया।
बताया जा रहा है कि भीम आर्मी के बैनर तले बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी आगे बढ़ते हुए डाक बंगला चौराहा तक पहुंच गए, जो प्रतिबंधित क्षेत्र माना जाता है।
मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन अचानक बढ़ी भीड़ के कारण कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।
हालांकि बाद में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई और हालात पर काबू पाने का प्रयास किया गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान गरीब और महादलित परिवारों को निशाना बनाकर चलाया जा रहा है।
वहीं प्रशासन का कहना है कि शहर को अवैध कब्जों से मुक्त कराने की मुहिम नियमों के तहत जारी रहेगी। फिलहाल क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।
