मोतिहारी, राजन द्विवेदी। पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थानाक्षेत्र में छह मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गयी है। इस घटना से इलाके में कोहराम मच गया है।सभी शवों को बरामद कर लिया गया है। होली से एक दिन पूर्व मंगलवार को केसरिया थानाक्षेत्र के लोहरगांवा ग्राम में यह लोमहर्षक घटना घटी है।

सभी बच्चें गांव के ही गुलरी तालाब के पास खेल रहे थे। खेल-खेल में ही तालाब में स्नान करने के लिए उतरे लेकिन तैरना नहीं जानते थे और तालाब गहरा था। अनजाने में छह बच्चों की सामूहिक जलसमाधि हो गयी। गम हुए बच्चों के परिजन अपने स्तर से बच्चों की तलाश करते रहे।
अंततः देर शाम तालाब में एक बच्चे का शव दिखा। फिर स्थानीय लोगों ने केसरिया थाना को सूचित किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों और एनडीआरएफ टीम के सहयोग से छह बच्चों का शव तालाब से निकला।
इस लोमहर्षक घटना में मरने वाले बच्चों में 5 लड़कियां हैं और एक लड़का है। लड़कियों में 3 एक ही पिता धर्मेंद्र सहनी की संतान हैं, जिनके नाम दीक्षा कुमारी (12), सोनाक्षी कुमारी (10) और प्रिया कुमारी (7) हैं। इसी प्रकार एक ही पिता मनोज साहनी की दो संतानें 12 वर्षीय प्रिंस कुमार और 10 वर्षीय छोटी कुमारी के साथ कामेश्वर सहनी की 12 वर्षीय पुत्री सोनाली कुमारी की इस लोमहर्षक घटना में मौत हुई है।
केसरिया थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि सभी बच्चों के शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया है। पूर्वी चम्पारण के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए बताया कि पीड़ित परिवारों को बिहार सरकार की तरफ से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध करायी जाएगी।
उन्होंने बताया कि सिविल सर्जन, मोतिहारी को रात में ही सभी बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम पूर्ण करने का विशेष आदेश दिया गया है। इसके अतिरिक्त केसरिया सीओ को सभी बच्चों के शवों के विधिवत अंत्येष्ठि के लिए तैनात किया गया है।
