बीपी डेस्क। बिहार में गुरुवार को बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिल सकता है। सीएम नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का मन बना लिया है और अब बिहार में अगला मुख्यमंत्री बीजेपी का होगा। सूत्र बता रहे हैं कि कल नीतीश कुमार पटना में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में नॉमिनेशन फाइल करेंगे।
राज्सभा का चुनाव 16 मार्च को होगा और इसी दिन नतीजे आएंगे। नीतीश कुमार के इस फैसले के बाद अब लोगों के बीच नए सीएम को लेकर काफी चर्चा हो रही है। सूत्रों ने दावा किया है कि नए सीएम की रेस में 5 नाम सबसे आगे चल रहे हैं। जिनके नाम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, दिलीप जायसवाल, नित्यानंद राय और संजीव चौरसिया का है।
आइये जानते है इन नेताओं का राजनीतिक सफर :
सम्राट चौधरी
मुंगेर के लखनपुर गांव में 16 नवंबर 1968 को जन्मे सम्राट चौधरी बिहार की राजनीति का एक प्रमुख चेहरा बन चुके हैं। उनके पिता, शकुनी चौधरी, राजनीति के दिग्गज रहे हैं जो छह बार विधायक और एक बार सांसद चुने गए, जबकि उनकी माता पार्वती देवी ने तारापुर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।
अपनी शुरुआती शिक्षा गांव से पूरी करने के बाद सम्राट चौधरी ने मदुरै कामराज विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त की। सम्राट ने 1990 में सक्रिय राजनीति में कदम रखा। मई 1999 में राबड़ी देवी की सरकार के दौरान वे पहली बार बिहार के कृषि मंत्री बने। इसके बाद, साल 2000 और 2010 में वे परबत्ता विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए।
2010 में उन्होंने बिहार विधानसभा में विपक्ष के मुख्य सचेतक (Chief Whip) की जिम्मेदारी भी संभाली। मूल रूप से राजद (RJD) और जदयू (JD-U) से जुड़े रहे सम्राट चौधरी ने 2014 में बिहार की राजनीति में बड़ा फेरबदल किया। उन्होंने राजद के 13 विधायकों के साथ मिलकर एक बागी गुट बनाया और बाद में भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए।
इस बदलाव के बाद, 2 जून 2014 को उन्होंने जीतन राम मांझी की सरकार में नगर विकास और आवास मंत्री के रूप में शपथ ली। मार्च 2023 में भाजपा ने उन्हें संजय जायसवाल की जगह बिहार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। पार्टी ने उन्हें विशेष रूप से कोइरी/कुशवाहा समाज के बीच अपनी पैठ मजबूत करने और ओबीसी आधार को विस्तार देने के लिए चुना था।
प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नीतियों की तीखी आलोचना की। इस दौरान उन्होंने एक प्रतीकात्मक संकल्प लिया और सिर पर पगड़ी बांधनी शुरू की, जिसे उन्होंने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाने के बाद ही उतारने की कसम खाई थी। हालांकि, जब नीतीश कुमार पुनः भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल हो गए, तब उन्होंने अपनी यह पगड़ी उतार दी।
फिर जनवरी 2024 में हुए सत्ता परिवर्तन के बाद सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल का नेता और बिहार का उपमुख्यमंत्री बनाया गया। इसके बाद 2025 में हुए चुनाव में फिर एनडीए की सरकार बनी और वह डिप्टी सीएम बने। वहीं, अब वह सीएम की रेस में सबसे आगे हैं।
विजय सिन्हा
लखीसराय के चानन प्रखंड अंतर्गत तिलकपुर गांव स्थित अपने ननिहाल में 5 जून 1967 को जन्मे भाजपा नेता विजय कुमार सिन्हा आज बिहार की राजनीति के सबसे प्रभावशाली चेहरों में शामिल हैं। छात्र राजनीति से बिहार के उपमुख्यमंत्री पद दोबारा हासिल करने वाले विजय कुमार सिन्हा साधारण परिवार से जुड़े हैं।
विजय सिन्हा ने बेगूसराय के बरौनी स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक से सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा प्राप्त की। पढ़ाई के दौरान ही वे सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में गहरी रुचि लेने लगे। 2017 में बिहार सरकार में उन्हें श्रम संसाधन मंत्री बनाया गया।
यहां उन्होंने कौशल विकास और श्रमिक हितों से जुड़ी योजनाओं पर काम किया। 2020 में वे बिहार विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए। इस पद पर रहते हुए उनकी छवि एक सख्त, अनुशासित और प्रक्रियाओं को महत्व देने वाले नेता की रही। उनके कार्यकाल में विधानसभा कार्य संचालन में कई सुधार लागू हुए।
हालांकि राजनीतिक परिस्थितियों के कारण 2022 में उन्हें पद छोड़ना पड़ा, जिसके बाद वे नेता प्रतिपक्ष बनकर विधानसभा में सक्रिय रहे। राज्य की राजनीति ने एक नया मोड़ तब लिया जब जनवरी 2024 में सरकार के पुनर्गठन में भाजपा की ओर से विजय कुमार सिन्हा को बिहार का उपमुख्यमंत्री बनाया गया। वहीं, विधानसभा चुनाव 2025 जीतने के बाद एक बार फिर विजय सिन्हा को बिहार का डिप्टी सीएम बनाया गया।
दिलीप जायसवाल
डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल का जन्म 3 दिसंबर 1963 को बिहार के खगड़िया जिले के गोगरी में हुआ था। इन्हें दो संतान हैं। दिलीप कुमार जायसवाल हिन्दू हैं और वे कलवार जाति (अत्यंत पिछड़ा वर्ग) से आते हैं। इन पर कोई आपराधिक मामला नहीं है।
बता दें कि दिलीप जायसवास 22 से अधिक वर्षों तोक बिहार भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष भी रहे। इसके साथ ही वह राज्य की नितीश कुमार सरकार में मंत्री पद भी आसीन रह चुके हैं। करीब 63 वर्षीय जायसवाल की शिक्षा पीएचडी है। पहली बार वे 2009 में पूर्णिया, अररिया व किशनगंज के स्थानीय प्राधिकरण से विधान परिषद चुने गए थे। वह अभी बिहार बीजेपी के अध्यक्ष भी हैं।
नित्यानंद राय
बीते लोकसभा चुनावों में नित्यानंद राय ने अपनी सीट बरकरार रखी। उन्होंने राजद (RJD) के उम्मीदवार आलोक कुमार मेहता को 60,102 वोटों के अंतर से हराकर एक प्रभावशाली जीत दर्ज की। 1966 में जन्मे नित्यानंद राय ने अपनी उच्च शिक्षा बिहार के हाजीपुर स्थित राज नारायण कॉलेज से पूरी की, जहां से उन्होंने स्नातक (ग्रेजुएशन) की डिग्री प्राप्त की।
लोकसभा पहुंचने से पहले वे बिहार की राजनीति में काफी सक्रिय रहे। साल 2000 से लेकर सांसद चुने जाने तक, वे लगातार हाजीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक के रूप में चुने जाते रहे। उन्होंने बिहार में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया है, जहां उन्होंने पार्टी के आधार को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
बिहार की राजनीति में नित्यानंद राय को भाजपा के प्रमुख यादव चेहरे के तौर पर देखा जाता है। पार्टी ने उन्हें विशेष रूप से राजद (RJD) के पारंपरिक यादव वोट बैंक में सेंध लगाने और ओबीसी मतदाताओं को भाजपा से जोड़ने के लिए एक मजबूत विकल्प के रूप में पेश किया है।
संजीव चौरसिया
संजीव चौरासिया 2025 बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के रूप में पटना के दीघा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की है। संजीव चौरासिया की शैक्षणिक योग्यता डॉक्टरेट है।
