चंपारण की खबर : हरसिद्धि मे नाबालिग लड़कियों से आर्केस्ट्रा में काम कराने वाले तीन गिरफ्तार

मोतिहारी

मोतिहारी, राजन द्विवेदी। जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़कियों से आर्केस्ट्रा में काम कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। प्रशिक्षु डीएसपी सह हरसिद्धि थानाध्यक्ष ऋषभ कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर तीन संचालकों को गिरफ्तार किया है। जबकि तीन नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया गया है।

प्रशिक्षु डीएसपी श्री कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी। धनखरैया स्थित ब्लॉक गेट के पास एक मेडिकल दुकान के पीछे बने कमरे में व हरसिद्धि बाजार नहर के पास स्थित एक किराए के मकान में किरण म्यूजिकल ऑर्केस्ट्रा के नाम पर नाबालिग लड़कियों से काम कराया जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मौके से तीन नाबालिग लड़कियां बरामद की गई। उन्हें ऑर्केस्ट्रा में काम करने के लिए रखा गया था।

पुलिस ने मौके से ऑर्केस्ट्रा के मालिक सुधांशु कुमार, पिता अखिलेश्वर कुमार के साथ उसके सहयोगी मुकेश कुमार, पिता राजेंद्र सहनी व नीलकमल कुमार, पिता देवानंद पासवान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

वहीं, रेस्क्यू की गई तीनों नाबालिग लड़कियों को चाइल्ड हेल्पलाइन मोतिहारी की टीम की मदद से सुरक्षित स्थान पर भेजा जा रहा है। जहां उनकी आगे की प्रक्रिया की जाएगी। इस छापेमारी अभियान में प्रशिक्षु डीएसपी ऋषभ कुमार, एसआई शिखा कुमारी, अंजली कुमारी, पीएसआई अविनाश कुमार, अंकित कुमार, बनफल, अक्षय कुमार अन्य जवान शामिल थे। वहीं चाइल्ड हेल्पलाइन की ओर से खुशबू कुमारी और मनधीर सिंह भी मौजूद रहे।

पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। ऐसे अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि नाबालिगों से आर्केस्ट्रा में नृत्य कराना पोक्सो एक्ट व बाल मजदूरी दोनों के तहत संगीन अपराध है।