राजन दत्त। मशहूर बाहुबली नेता अनंत सिंह के समर्थकों के लिए खुशखबरी है. दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में पटना हाईकोर्ट से बेल मिलने के बाद अनंत सिंह कल, यानी सोमवार को बेऊर जेल से रिहा होने जा रहे हैं. रिहाई की खबर मिलते ही उनके पटना स्थित माल रोड आवास पर उत्सव जैसा माहौल है.
अनंत सिंह के स्वागत में कोई कमी न रह जाए, इसके लिए उनके आवास पर जोरदार तैयारियां चल रही हैं. बताया जा रहा है कि समर्थकों का मुंह मीठा कराने के लिए करीब 3 लाख रसगुल्ले बनवाए जा रहे हैं. ये मिठाइयां बाढ़ में तैयार हो रही हैं.
इन्हें पटना लाया जाएगा. खाने के मेन्यू में पनीर की विभिन्न डिशेज, लिट्टी-कचौड़ी, पुलाव और मिक्स वेज जैसे व्यंजन शामिल हैं. आवास परिसर में बड़े-बड़े टेंट लगाए गए हैं. मार्च की गर्मी बढ़ रही है, इसलिए समर्थकों की सुविधा के लिए भारी संख्या में पंखे और कूलर मंगाए गए हैं.
कल दोपहर 2 बजे जब अनंत सिंह जेल से सीधे अपने आवास पहुंचेंगे, तो वहां 10 से 15 हजार समर्थक मौजूद रहेंगे. समर्थकों का दावा है कि उनके काफिले में इतनी गाड़ियां होंगी कि उन्हें गिनना मुश्किल हो जाएगा. बता दें कि अनंत सिंह 23 मार्च की दोपहर जेल से बाहर आएंगे और पटना में रुकेंगे.
अगले दिन यानी 24 मार्च को सुबह 8 बजे वे पटना से बड़हिया के लिए रवाना होंगे. वहां वे महारानी स्थान पर पूजा-अर्चना करेंगे और फिर अपने घर बाढ़ जाएंगे. रास्ते में जगह-जगह उनके भव्य स्वागत की योजना है.
2025 विधानसभा चुनाव के दौरान हुए दुलारचंद हत्याकांड में उन्हें 1 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था. करीब 4 महीने जेल में बिताने के बाद अब वे वापस अपने क्षेत्र की जनता के बीच लौट रहे हैं.
