बीपी डेस्क। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, बिहार सरकार के अधीन संचालित डॉ. भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालय, गायघाट, पटना की छात्राओं ने वर्ष 2026 के इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभाग एवं राज्य का गौरव बढ़ाया है।
विद्यालय की छात्राओं ने विज्ञान, कला एवं वाणिज्य—सभी संकायों में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। इस वर्ष कुल 26 छात्राओं ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, जो संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन एवं समर्पित शिक्षण व्यवस्था का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
विद्यालय का परिणाम अत्यंत गौरवपूर्ण रहा, जहाँ सभी छात्राओं ने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होकर 100 प्रतिशत सफलता दर दर्ज की। द्वितीय एवं तृतीय श्रेणी में कोई भी छात्रा नहीं रही, जो इस संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।
विज्ञान, कला एवं वाणिज्य संकाय की छात्राओं ने उच्च अंक प्राप्त कर यह सिद्ध किया है कि उचित मार्गदर्शन, संसाधन एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण मिलने पर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग की छात्राएं भी शैक्षणिक क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर सकती हैं।
इस उपलब्धि पर विभाग के माननीय मंत्री श्री लखेंद्र कुमार रौशन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह सफलता न केवल छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है, बल्कि समाज के वंचित वर्गों के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी है।
विभाग के वरीय पदाधिकारियों ने भी छात्राओं एवं विद्यालय प्रशासन को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विभाग भविष्य में भी ऐसे संस्थानों को और अधिक सुदृढ़ करने तथा छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकें।
