बिहार के 150 कृषि पदाधिकारियों का सात दिवसीय विशेष साहसिक प्रशिक्षण संपन्न

पटना

बीपी डेस्क। बिहार के कृषि क्षेत्र में नई ऊर्जा और कुशल नेतृत्व के संचार के उद्देश्य से आयोजित किया गया सात दिवसीय विशेष एडवेंचर प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी स्थित नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) में आयोजित इस शिविर में बिहार कृषि विभाग के 150 पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के समापन समारोह में विभाग के प्रधान सचिव श्री नर्मदेश्वर लाल शामिल हुए।

08 अप्रैल से 14 अप्रैल 2026 तक चले इस प्रशिक्षण में कृषि विभाग के सहायक निदेशक, उप निदेशक, उप सचिव और जिला कृषि पदाधिकारी स्तर के अधिकारियों ने हिस्सा लिया । इसका उद्देश्य पदाधिकारियों का शारीरिक एवं मानसिक क्षमता विकास के साथ-साथ नेतृत्व की क्षमता का विकास करना था।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए कृषि विभाग के प्रधान सचिव श्री नर्मदेश्वर लाल ने कहा, “एक सुदृढ़ प्रशासन के लिए अधिकारियों का मानसिक और शारीरिक रूप से फिट होना अनिवार्य है। इस कठिन प्रशिक्षण से प्राप्त आत्मविश्वास का उपयोग हमारे पदाधिकारी बिहार के किसानों की सेवा और कृषि योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में करेंगे।”

नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के विशेषज्ञों द्वारा दिए गए इस प्रशिक्षण के बाद सभी 150 पदाधिकारी अब वापस अपनी जिम्मेदारियों पर लौट रहे हैं। विभाग को विश्वास है कि इस अनुभव से अधिकारियों की कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव आएगा और वे अधिक ऊर्जा के साथ विभागीय लक्ष्यों को प्राप्त करेंगे।