नालंदा:रिश्वत लेते रंगे हाथ धराई आंगनवाड़ी पर्यवेक्षिका, 3,200 रुपये के साथ गिरफ्तार

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय। नालंदा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत बुधवार को बड़ी कार्रवाई सामने आई । निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने नगरनौसा प्रखंड मुख्यालय से आंगनवाड़ी पर्यवेक्षिका (एलएस) सुषमा कुमारी को 3,200 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक शशि शेखर चौधरी के नेतृत्व में गठित सात सदस्यीय टीम द्वारा की गई। टीम ने नगरनौसा परिसर स्थित उसी भवन से आरोपी को दबोचा, जहां वह रह रही थीं। छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।

सेविका की शिकायत बनी आधार
नगरनौसा के कंचन भवन वन, केंद्र संख्या-28 (वार्ड संख्या-3) की आंगनवाड़ी सेविका बेबी कुमारी ने निगरानी विभाग से शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि पोषाहार पंजी में हस्ताक्षर करने और सरकारी कार्यों के निष्पादन के बदले पर्यवेक्षिका द्वारा अवैध राशि की मांग की जा रही है।

शिकायत के अनुसार, आरोपी पर्यवेक्षिका ने कुल 15,747 रुपये की राशि का 20 प्रतिशत हिस्सा रिश्वत के रूप में मांगा था। इसके अलावा हर महीने 3,200 रुपये “नजराना” देने का भी दबाव बनाया जा रहा था।

सत्यापन के बाद बिछाया जाल
शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही सुषमा कुमारी ने 3,200 रुपये रिश्वत के रूप में स्वीकार किए, टीम ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

पटना ले गई टीम, जांच जारी गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को अपने साथ पटना ले गई है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई से जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है और सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में इसे अहम कदम माना जा रहा है।