ब्रह्मदत्त। मुजफ्फरपुर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने पहले गुंडाराज और अराजकता का दौर देखा है. अब लोग विकास और सुशासन चाहते हैं. इसलिए लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार भरोसा है. सम्राट चौधरी ने विपक्ष के उन आरोपों पर भी हमला बोला, जिनमें बिहार के खजाने को लेकर सवाल उठाए जाते हैं.
उन्होंने कहा कि कुछ लोग कहते हैं कि बिहार के पास पैसे नहीं हैं, लेकिन सरकार लगातार विकास के काम कर रही है. उन्होंने पेंशन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि हाल ही में लाखों परिवारों के खातों में राशि भेजी गई है. मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरपुर में सिकंदरपुर मरीन ड्राइव का उद्घाटन किया. पटना की तर्ज पर बने इस प्रोजेक्ट से शहर को नया पर्यटन स्थल मिलने की उम्मीद है.
इसके अलावा सीएम ने 1047 करोड़ रुपये की लागत वाली 981 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इनमें सड़क, पेयजल, शहरी विकास, आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि पुराने शहरों को व्यवस्थित करने में समय लगता है. सड़क, गली और पार्क जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है. उन्होंने घोषणा की कि बिहार में 12 नए टाउनशिप विकसित किए जाएंगे.
इनमें मुजफ्फरपुर में तिरहुत के नाम से नया टाउनशिप बनाया जाएगा. सम्राट चौधरी ने कहा कि मुजफ्फरपुर उत्तर बिहार का महत्वपूर्ण केंद्र है. इसके विकास के बिना बिहार का विकास पूरा नहीं हो सकता. उन्होंने शहर में आर्किटेक्चर और सिविल इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने की भी घोषणा की. सीएम ने कहा कि आने वाले समय में बिहार में रैपिड रेल चलाने की योजना है.
इसके शुरू होने के बाद मुजफ्फरपुर से पटना का सफर करीब 40 मिनट में पूरा हो सकेगा. उन्होंने कहा कि राज्य में तेज गति से विकास कार्य किए जा रहे हैं और आने वाले दिनों में बिहार को तीन गुना गति से आगे बढ़ाने का लक्ष्य है.कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने धार्मिक मुद्दे का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर की तरह बिहार में माता सीता का भव्य मंदिर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस विकास, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर है.
