धान अधिप्राप्ति टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक में कई प्रखंडों की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को अभियान मोड में काम करने का निर्देश
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : जिलाधिकारी उदिता सिंह ने धान अधिप्राप्ति के विरुद्ध कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) आपूर्ति की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर 100 प्रतिशत सीएमआर आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि लक्ष्य प्राप्ति में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
14 जुलाई 2026 को आयोजित धान अधिप्राप्ति टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने प्रखंडवार सीएमआर आपूर्ति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि जिले में सीएमआर आपूर्ति का औसत 90.40 प्रतिशत है। हालांकि कई प्रखंडों का प्रदर्शन जिले के औसत से कम रहने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई।
समीक्षा के दौरान करायपरशुराय (70.66%), रहुई (75.76%), गिरियक (80.19%), बेन (81.26%), कतरीसराय (81.67%), परवलपुर (82.70%), इस्लामपुर (84.07%), एकंगरसराय (85.04%), नूरसराय (89.40%) तथा अस्थावां (90.07%) की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई। विशेष रूप से करायपरशुराय एवं रहुई प्रखंड में बेहद कम सीएमआर आपूर्ति पर जिलाधिकारी ने जिला सहकारिता पदाधिकारी को संबंधित सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सभी सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रखंड के लिए दैनिक सीएमआर आपूर्ति लक्ष्य निर्धारित कर अभियान मोड में कार्य करें तथा एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी पैक्स, व्यापार मंडल समितियों एवं राइस मिलरों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर लंबित सीएमआर की आपूर्ति शीघ्र पूरी कराई जाए।
बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी एवं राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक को प्रतिदिन सीएमआर आपूर्ति की समीक्षा करने, प्रखंडवार प्रगति की निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की बाधा का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्र के पैक्स, व्यापार मंडल समितियों एवं राइस मिलरों के साथ नियमित समीक्षा बैठक आयोजित कर निर्धारित समय-सीमा से पूर्व 100 प्रतिशत सीएमआर आपूर्ति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। वहीं जिला आपूर्ति पदाधिकारी को भी सभी संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित कराने में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा गया।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी बिहारशरीफ, राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि हिलसा एवं राजगीर के अनुमंडल पदाधिकारी तथा जिले के सभी सहकारिता प्रसार पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
