AI के क्षेत्र में बिहार ने बढ़ाया ऐतिहासिक कदम, सुशासन और नवाचार को मिलेगी नई गति- मुख्यमंत्री

पटना

सूचना प्रावैधिकी विभाग ने Sarvam.AI (Axonwise Pvt.Ltd) एवं BharatGPT (CoRover Pvt. Ltd.) के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

बिहार की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वदेशी AI मॉडल तैयार किया जाएगा।

सरकारी सेवाओं को अधिक पारदर्शी, तेज, सरल एवं नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए AI आधारित समाधान विकसित किए जाएंगे।

राज्य में बड़े पैमाने पर AI कौशल विकास एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।

AI आधारित स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने के लिए सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

डिजिटल बिहार के निर्माण और विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल।

बीपी डेस्क। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के समक्ष मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में आयोजित कार्यक्रम में सूचना प्रावैधिकी विभाग एवं सरवम डॉट ए०आई० (एक्सोनवाइज प्राइवेट लिमिटेड) तथा भारत जी०पी०टी० (CoRover Pvt.Ltd.) के बीच एम०ओ०यू० पर हस्ताक्षर किया गया। सूचना प्रावैधिकी विभाग, सरवम डॉट ए०आई० एवं भारत जी०पी०टी० से जुड़े अधिकारियों ने एक दूसरे के बीच ज्ञापन का आदान-प्रदान किया।

समझौता ज्ञापन (MoU) से कई उद्देश्यों की प्राप्ति होगी। इसके तहत राज्य में हर नागरिक और सरकारी अधिकारी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) की पहुँच सुलभ एवं आसान होगा तथा ए०आई० के बेहतर उपयोग और विकास के लिए मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में मदद मिलेगी।

भारत में बने बुनियादी ए०आई० मॉडल्स और एप्लिकेशन्स तक राज्य के विभागों की पहुँच सुनिश्चित हो सकेगा। बिहार के स्वीकृत शोधकर्ताओं को भारतीय भाषाओं और स्थानीय बोलियों में अपनी ए०आई० रिसर्च क्षमताओं को मजबूत करने में सहूलियत होगी। स्थानीय भाषाओं में स्थानीय समस्याओं का समाधान खोजकर, बिहार को राष्ट्रीय स्तर पर ए०आई० संचालित शासन के मॉडल के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी। सरकारी कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और एक स्थानीय भागीदार इकोसिस्टम तैयार हो सकेगा जिससे लम्बे समय तक ए०आई० विकास को बल मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल बिहार के निर्माण और विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। बिहार की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वदेशी AI मॉडल तैयार किया जाएगा। सरकारी सेवाओं को अधिक पारदर्शी, तेज, सरल एवं नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए AI आधारित समाधान विकसित किए जाएंगे। राज्य में बड़े पैमाने पर AI कौशल विकास एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। AI आधारित स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने के लिए सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव श्री अभय कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को पौधा भेंटकर उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजेंद्र प्रसाद यादव, सूचना प्रावैधिकी मंत्री श्री नीतीश मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव श्री अभय कुमार सिंह, सूचना प्रावैधिकी विभाग के विशेष सचिव श्री अरविंद कुमार चौधरी, भारत जी०पी०टी० (कोरोवर प्राइवेट लिमिटेड) के वाइस प्रेसिडेंट श्री शशांक शेखर ठाकुर, सरवम डॉट ए०आई० (एक्सोनवाइज प्राइवेट लिमिटेड) के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर श्री राज चौहान सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।