बहादुरचक गांव में पुलिस की छापेमारी, एक आरोपी फरार; आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नालंदा जिले के नगरनौसा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बहादुरचक गांव में छापेमारी कर एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार (17 जुलाई) को थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार मिश्रा को सूचना मिली थी कि बहादुरचक गांव में कुछ लोग अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे हुए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने जोगेन्द्र पासवान के घर की घेराबंदी कर तलाशी ली।
पुलिस को देखकर घर में मौजूद तीन लोग भागने लगे। पुलिस ने दो लोगों को मौके पर पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी भागने में सफल रहा। पकड़े गए आरोपितों की पहचान भूषण पासवान (27) और राजा राम कुमार (23), दोनों पिता जोगेन्द्र पासवान, निवासी बहादुरचक, के रूप में हुई। तलाशी के दौरान घर के एक कमरे से एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इसके बाद जोगेन्द्र पासवान, भूषण पासवान और राजा राम कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। फरार आरोपित की तलाश जारी है। छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार मिश्रा, पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कुमार सिंह, राजेश कुमार यादव, महिला सिपाही ललिता कुमारी, सरस्वती कुमारी, गृह रक्षक राकेश कुमार सहित नगरनौसा थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
