सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश रख निकाली श्रद्धायात्रा, 21 जुलाई तक चलेगा धार्मिक आयोजन
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : शहर के रांची रोड स्थित भैंसासुर देवी स्थान मंदिर से शनिवार सुबह 160 कलशों की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। धार्मिक आयोजन में सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और भक्ति के साथ नगर भ्रमण किया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में पुरुष श्रद्धालु भी शामिल हुए और पूरे मार्ग में ‘जय माता दी’ के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
शोभायात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर अस्पताल चौक, काली चौक, धनेश्वर घाट मंदिर, पुलपर, आलमगंज मोड़, भरावपर, रांची रोड, पालिका मार्केट, मनोकामना मंदिर और मिठी कुआं होते हुए पुनः देवी स्थान मंदिर पहुंची। करीब तीन किलोमीटर लंबी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का विभिन्न स्थानों पर फूल बरसाकर स्वागत किया गया, जिससे पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि धार्मिक आयोजन 21 जुलाई तक चलेगा। 19 जुलाई से 21 जुलाई की सुबह तक लगातार 48 घंटे का अखंड कीर्तन आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न कीर्तन मंडलियां भक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगी। कार्यक्रम का समापन 21 जुलाई को ग्रामता पूजा के साथ होगा। इसके बाद शाम 7 बजे श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर एवं शोभायात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष विजय कुमार, सचिव मनोज कुमार, कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार सहित सुधीर कुमार, ललन प्रसाद, दामोदर प्रसाद, शैलेंद्र कुमार, पुजारी रमाकांत प्रसाद और शिवेंद्र कुमार पांडे समेत कई श्रद्धालु मौजूद रहे।
