बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : रोटरी क्लब ऑफ नालंदा का आठवां पदस्थापन समारोह एवं रोटरी जिला 3250 की जिला गवर्नर का आधिकारिक दौरा राजगीर स्थित होटल इंडो होक्के में भव्य रूप से आयोजित किया गया। समारोह में रोटरी जिला 3250 की जिला गवर्नर रोटेरियन अनु नारंग मुख्य अतिथि, जिला गवर्नर नामित डॉ. अजय कुमार विशिष्ट अतिथि तथा जोन-10 के सहायक गवर्नर रोटेरियन जोसेफ टी.टी. विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं रोटरी प्रार्थना के साथ हुआ। निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. अवधेश कुमार और सचिव राजीव रंजन ने वर्ष 2025-26 के सेवा कार्यों एवं उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि क्लब ने सात नए सदस्यों को जोड़ा, जिनमें चार महिलाएं शामिल हैं, जिसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को सम्मानित किया गया। ‘वर्ष का सर्वश्रेष्ठ रोटेरियन’ सम्मान डॉ. अजीत कुमार सिंह तथा ‘वर्ष का उत्कृष्ट रोटेरियन’ सम्मान दिग्विजय नारायण सिंह को प्रदान किया गया। पदभार हस्तांतरण के दौरान डॉ. अवधेश कुमार ने अध्यक्ष का दायित्व गगन विरमानी तथा राजीव रंजन ने सचिव का दायित्व दिग्विजय नारायण सिंह को सौंपा।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष गगन विरमानी ने समाज सेवा और जनकल्याण के लिए नई योजनाओं पर कार्य करने तथा “स्थायी सकारात्मक प्रभाव का सृजन” थीम को साकार करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अनु नारंग, डॉ. अजय कुमार, जोसेफ टी.टी. और पूर्व जिला गवर्नर संदीप नारंग ने सेवा, नेतृत्व और मानवीय मूल्यों पर अपने विचार व्यक्त किए।
समारोह में रोटरी क्लब ऑफ नालंदा, बिहारशरीफ, तथागत, राजगीर, शेखपुरा सेंट्रल, नवादा, नवादा राजश्री तथा इनर व्हील क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अजीत कुमार सिंह ने किया, जबकि आयोजन प्रभारी राजीव रंजन रहे।
