- 22 अगस्त तक आवेदन करने की अंतिम तिथि निर्धारित
- किसानों को प्रमाणित एवं सत्यापित गन्ना बीज पर मिलेगा अनुदान का लाभ
बीपी डेस्क। मुख्यमंत्री गन्ना विकास कार्यक्रम के तहत संचालित गन्ना बीज विकास योजना का लाभ लेने वाले किसानों के लिए गन्ना उद्योग विभाग ने बुधवार को पोर्टल प्रारंभ कर दिया है। योजना का लाभ और बीज अनुदान प्राप्त करने के लिए आवेदन करने की तिथि 22 जुलाई से लेकर 22 अगस्त 2026 तक निर्धारित की गई है। विदित हो कि गन्ना की खेती करने वाले किसानों को उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री गन्ना विकास कार्यक्रम के तहत गन्ना बीज विकास योजना शुरू की गई है।
इस योजना के तहत किसानों को सिंगल बड प्लांटलेट हेतु प्रमाणित एवं सत्यापित बीज उपलब्ध कराया जाता है। इसके साथ ही, सरकार द्वारा किसानों को इन उन्नत बीजों की खरीद पर बीज अनुदान का भी विशेष लाभ दिया जा रहा है, ताकि गन्ने की खेती की लागत को कम किया जा सके और किसानों की आय में वृद्धि हो।
बताया जाता है कि इस योजना के तहत सामान्य वर्ग के किसानों को प्रति क्विंटल 260 रुपये, एससी और एसटी वर्ग के किसानों को 310 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अनुदान मिलेगा।
गन्ना बीज विकास योजना के तहत राज्य सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में किसानों को अनुदानित दरों पर प्रमाणित एवं सत्यापित गन्ना बीज उपलब्ध कराने के लिए 22 जुलाई से विभागीय पोर्टल को खोल दिया है। गन्ना उद्योग विभाग के अनुसार, इस पोर्टल पर इच्छुक किसान निर्धारित प्रक्रिया के तहत 22 अगस्त तक अपना आवेदन कर सकते हैं।
