बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नालंदा उद्यान महाविद्यालय, नूरसराय में शुक्रवार को महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं, महिला कर्मियों एवं कर्मचारियों को कार्यस्थल पर उनके अधिकारों, सुरक्षा तथा शिकायत एवं निवारण प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना था।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणधीर कुमार ने कहा कि प्रत्येक शैक्षणिक संस्थान का दायित्व है कि वह महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करे। उन्होंने आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसी भी शिकायत का निष्पक्ष एवं गोपनीय तरीके से निस्तारण किया जाएगा।
कार्यशाला की संयोजिका एवं आंतरिक शिकायत समिति की अध्यक्ष डॉ. सीमा ने पॉश एक्ट-2013 (POSH Act) के उद्देश्यों, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा समिति की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए सदैव सक्रिय है।
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित बिहारशरीफ सिविल कोर्ट की अधिवक्ता जया वर्मा ने कहा कि यौन उत्पीड़न केवल शारीरिक दुर्व्यवहार तक सीमित नहीं है, बल्कि अशोभनीय टिप्पणी, आपत्तिजनक इशारे, मानसिक उत्पीड़न तथा किसी भी प्रकार का अवांछित व्यवहार भी इसके दायरे में आता है। उन्होंने पॉश एक्ट-2013 के प्रमुख प्रावधानों, महिलाओं के कानूनी अधिकारों और शिकायत निवारण प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के अधिकांश मामले असंगठित क्षेत्र से सामने आते हैं।
एनजीओ प्रतिनिधि नीलिमा रानी ने महिलाओं को आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर बनने का संदेश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न को सहन नहीं करना चाहिए और समय पर शिकायत दर्ज कर न्याय प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए। वहीं समिति की सदस्य डॉ. प्रेरणा राय ने यौन उत्पीड़न मामलों में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं के बीच पोस्टर प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में वर्षा रानी एवं सृष्टि चंद्रा को प्रथम, कल्याणी कुमारी एवं सान्या कुमारी तथा शिवानी एवं जानसी कुमारी को संयुक्त रूप से द्वितीय, जबकि संदीप मनोहर एवं रोहित कुमार तथा प्रिन्सी भारती एवं अनु कुमारी को संयुक्त रूप से तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर डॉ. परवीन फातिमा, डॉ. अचिन कुमार, नूरसराय थाना के सब-इंस्पेक्टर डॉ. धीरज कुमार पुरी, साजीदा, डॉ. सीएस आजाद, डॉ. महेश कुमार, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. रंजू कुमारी, डॉ. एस.एस. सोलंकी, डॉ. दिव्य तिवारी, डॉ. विजय कुमार, डॉ. आलोक कुमार, डॉ. नेहा कुमारी, डॉ. पंकज मंडल, डॉ. अंकेश कुमार, डॉ. अजीत कुमार, डॉ. ज्योति, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. राम बाबू रमन, सह जनसंपर्क अधिकारी डॉ. आरती सहित महाविद्यालय के वैज्ञानिक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
