“एकलव्य की तरह सीखने का जुनून रखें, सफलता खुद आपके पास आएगी” : डीएम

नालंदा बिहारशरीफ

‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ संवाद में छात्राओं को सुरक्षा का भरोसा, AI के सदुपयोग और मनचलों के खिलाफ बेझिझक शिकायत करने का दिया संदेश

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत समाहरणालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम में जिलाधिकारी उदीता सिंह ने एसएस बालिका उच्च विद्यालय, बिहारशरीफ की छात्राओं से सीधा संवाद कर उन्हें आत्मविश्वास, सुरक्षा और सफलता का मंत्र दिया। उन्होंने कहा, “एकलव्य की तरह सीखने का जुनून रखें, सफलता स्वयं आपके पास आएगी। विपरीत परिस्थितियों में हार न मानकर लक्ष्य हासिल करना ही सबसे बड़ी साधना है।”

संवाद के दौरान छात्राओं ने शहर की खूबियों के साथ ट्रैफिक, सफाई और बिजली व्यवस्था में सुधार के सुझाव दिए। वहीं नई सराय से कन्या मध्य विद्यालय रोड पर मनचलों की समस्या उठाने पर डीएम ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं को 112, 181 और 1098 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए भरोसा दिलाया कि शिकायत मिलने पर पुलिस 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचेगी तथा शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

जिलाधिकारी ने छात्राओं से सोशल मीडिया पर रील्स में समय बर्बाद करने के बजाय AI और इंटरनेट का उपयोग पढ़ाई, करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बदलाव के लिए किसी बड़े पद का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि जहां हैं वहीं से सकारात्मक पहल शुरू करनी चाहिए।

कार्यक्रम के बाद छात्राओं को एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र (ICCC) और वन स्टॉप सेंटर का भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें शहर की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, इमरजेंसी कॉल बॉक्स तथा महिलाओं के लिए उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी, आईसीडीएस के अधिकारी, मिशन समन्वयक, लैंगिक विशेषज्ञ एवं शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहीं।