नालंदा में विधि- व्यवस्था के तराजू पर अपराध का पलड़ा भारी, दिनदहाड़े SBI के CSP में लूट

नालंदा बिहारशरीफ

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना; एक साल पहले इसी CSP से हुई थी लाखों की डकैती

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नालंदा नालंदा में विधि व्यवस्था के तराजू पर अपराध का पलड़ा भारी हो गया है। यह हम नहीं कह रहे, आए दिन घट रही बड़ी आपराधिक घटनाएं इस बात के ताजा उदाहरण हैं। दिन हो या रात अपराधी अपनी मौजूदगी के दम पर आपराधिक घटनाओं को ताबड़तोड़ अंजाम दे रहे हैं।

इस बार नगरनौसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में शनिवार को दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। चार अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर सीएसपी संचालक को बंधक बनाकर हजारो रुपये नकद और एक लैपटॉप लूट लिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

सीएसपी संचालक संदीप पटेल, जो चंडी थाना क्षेत्र के पीनी पर गांव के निवासी हैं, ने बताया कि दोपहर करीब 12:30 बजे चार बदमाश अचानक सेंटर में घुस आए। सभी ने चेहरे पर गमछा और सिर पर टोपी पहन रखी थी। अपराधियों ने हथियार के बल पर उन्हें बंधक बना लिया और नकदी व लैपटॉप लूटकर फरार हो गए।

आश्चर्य की बात है कि इससे पहले 11 सितंबर को भी हथियारबंद बदमाशों ने इसी केंद्र से 2.60 लाख रुपये लूट लिए थे और भागने के दौरान शटर बाहर से बंद कर दिया था। घटना की सूचना मिलते ही नगरनौसा थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान शुरू कर दी है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।