नालंदा: 2 अगस्त से शुरू होगा ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान’, नालंदा कॉलेज में होगा मुख्य कार्यक्रम

नालंदा बिहारशरीफ

डीडीसी सारा अशरफ ने तैयारियों समीक्षा की

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा My Bharat के तत्वावधान में 2 अगस्त को शुरू होने वाले ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सारा अशरफ की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं जिले के प्रमुख शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों ने भाग लिया।

बैठक में बताया गया कि जिले का मुख्य कार्यक्रम नालंदा कॉलेज में आयोजित होगा। डीडीसी ने नालंदा महिला कॉलेज, वर्धमान महावीर कॉलेज पावापुरी, एस.वी.एम. कॉलेज सहित अन्य शिक्षण संस्थानों को अधिकतम छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा समय पर कार्यक्रम की सूचना उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर बैठने की समुचित व्यवस्था, एलईडी स्क्रीन, उच्च गुणवत्ता के साउंड सिस्टम, लाइव प्रसारण और अन्य आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न कॉलेजों के सेमिनार एवं कॉन्फ्रेंस हॉल की बैठक क्षमता, विद्यार्थियों की संख्या और उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।

डीडीसी ने कहा कि अभियान के दौरान युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी तथा My Bharat पोर्टल पर उनका पंजीकरण कर ऑनलाइन शपथ भी कराई जाएगी। उन्होंने सभी विभागों और शिक्षण संस्थानों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाते हुए युवाओं में नशामुक्ति के प्रति व्यापक जन-जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया।