नालंदा: श्रावण में शिवभक्तों के लिए डाकघर बना आस्था का केंद्र, नालंदा के सभी डाकघरों में उपलब्ध है गंगाजल

नालंदा बिहारशरीफ

भारत डाक विभाग की पहल, मात्र 30 रुपये में 250 एमएल शुद्ध गंगाजल; अधीक्षक ने श्रद्धालुओं से सुविधा का लाभ उठाने की अपील की

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : श्रावण माह में भगवान शिव के जलाभिषेक और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों को ध्यान में रखते हुए नालंदा डाक मंडल के सभी डाकघरों में श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध गंगाजल उपलब्ध कराया गया है। भारत डाक विभाग की इस पहल का उद्देश्य लोगों को उनके निकटतम डाकघर से आसानी से पवित्र गंगाजल उपलब्ध कराना है। डाक विभाग द्वारा 250 एमएल शुद्ध गंगाजल मात्र 30 रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है। बिहारशरीफ प्रधान डाकघर स्थित पोस्ट शॉप्पे में भी गंगाजल बिक्री काउंटर संचालित किया जा रहा है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में शिवभक्त गंगाजल खरीद रहे हैं।

सावन के पावन अवसर पर यह सुविधा श्रद्धालुओं के लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है। नालंदा डाक मंडल के अधीक्षक कुंदन कुमार ने जिलेवासियों से अपील की है कि श्रावण माह में भगवान शिव के जलाभिषेक एवं अन्य धार्मिक कार्यों के लिए अपने निकटतम डाकघर से गंगाजल अवश्य खरीदें।

उन्होंने कहा कि भारत डाक विभाग द्वारा उपलब्ध कराया जा रहा शुद्ध गंगाजल पूरी श्रद्धा और पवित्रता के साथ लोगों तक पहुंचाया जा रहा है तथा अधिक से अधिक लोग इस जनसुविधा का लाभ उठाएं। इस अवसर पर बिहारशरीफ के पोस्टमास्टर मनीष कुमार आनंद, डिप्टी पोस्टमास्टर अमलेश कुमार, मिथलेश कुमार, शैलेन्द्र कुमार, संजय कुमार, निरंजन कुमार सहित कई डाककर्मी उपस्थित रहे।