पटना जाने के दौरान बारुण थाना क्षेत्र में हुई घटना, खेत में मिली कार; हत्या और दुर्घटना दोनों पहलुओं से जांच में जुटी पुलिस
सासाराम /अरविंद कुमार सिंह। डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की शनिवार देर रात औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह पटना जा रहे थे, तभी सुनसान इलाके में उन पर हमला हुआ। घटना को लेकर लूटपाट के दौरान हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं, जिनमें हत्या और सड़क दुर्घटना की संभावना भी शामिल है, की गंभीरता से जांच कर रही है।

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल विमल कुमार को तत्काल जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी कार सड़क किनारे एक खेत में क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार सहित रोहतास और औरंगाबाद जिले के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि शनिवार देर रात डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार के घायल होने की सूचना मिली थी। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेजा गया, जहां पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
डीएम ने बताया कि घटनास्थल औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र में होने के कारण औरंगाबाद एवं रोहतास पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है। मामले में वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा
