नालंदा: राजगीर में सेवानिवृत्त शिक्षक के बंद घर में लाखों की चोरी, डॉग स्क्वाड व एफएसएल टीम जांच में जुटी

नालंदा बिहारशरीफ

बेटे से मिलने जम्मू गए थे शिक्षक, सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना; चोरी गए सामान का आकलन जारी

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : राजगीर थाना क्षेत्र के महादेवपुर गांव में एक सेवानिवृत्त शिक्षक के बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही राजगीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू कर दी। साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वाड और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया।

जानकारी के अनुसार, मकान मालिक अशोक सिंह चंदेल, जो सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, करीब एक सप्ताह पहले अपने बेटे से मिलने जम्मू गए हुए थे। उनके घर के बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने रविवार रात चोरी की घटना को अंजाम दिया।

सेवानिवृत्त शिक्षक के भतीजे डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के सदस्य घर पहुंचे। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कई कीमती सामान गायब मिले। उन्होंने बताया कि चोरी में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है, हालांकि चोरी गए सामान का विस्तृत आकलन अभी किया जा रहा है।

राजगीर थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। डॉग स्क्वाड और एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है, ताकि जल्द से जल्द चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।