दानापुर मंडल की मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (DRUCC) तृतीय बैठक संपन्न

नालंदा बिहारशरीफ

– यात्री सुविधाओं एवं रेल सेवाओं के विस्तार पर हुई विस्तृत चर्चा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : दानापुर मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (DRUCC) की तृतीय बैठक गुरूवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय दानापुर के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार ने की। इस बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) वीरेन्द्र कुमार एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा.) राजीव कुमार सहित सभी अधिकारीगण एवं DRUCC के सदस्यगण उपस्थित रहे।

बैठक का संचालन वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने सभी सदस्यों का स्वागत करने के उपरांत, पावर प्रजेंटेशन के माध्यम से यात्री सूविधा की दिशा में मंडल में चल रहे कार्यों को विस्तारपुर्वक प्रस्तुत किए। तत्पश्चात DRUCC के सदस्यों ने रेल यात्रियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, यात्री सुविधाओं तथा रेल सेवाओं में सुधार के संबंध में अपने महत्वपूर्ण सुझाव एवं मांगें प्रस्तुत कीं।

बैठक के दौरान स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विकास, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, यात्री आश्रय, प्लेटफॉर्म सुविधाओं, फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट एवं एस्केलेटर सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति के सदस्यों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों के स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव, यात्री ट्रेनों के परिचालन, समय-सारणी में सुधार, अतिरिक्त ट्रेनों के परिचालन तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार से संबंधित सुझाव भी दिए गए।

मंडल रेल प्रबंधक ने सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि DRUCC रेलवे और रेल उपयोगकर्ताओं के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है।

समिति के सदस्यों से प्राप्त सुझावों से यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा रेल सेवाओं को अधिक सुविधाजनक एवं यात्री-केंद्रित बनाने में सहायता मिलती है। बैठक का उद्देश्य रेल यात्रियों की अपेक्षाओं एवं सुझावों को समझते हुए सुरक्षित, सुविधाजनक, स्वच्छ एवं बेहतर रेल सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाना रहा।