नालंदा में बंद घरों में लाखों की चोरी, चोरों ने जाते-जाते लगा दिए नए ताले

नालंदा बिहारशरीफ

दिल्ली से लौटे परिवारों ने ताला तोड़ा तो खुली वारदात की पोल, तीन घरों से जेवर, लैपटॉप और कीमती सामान गायब

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : बिंद थाना क्षेत्र के महमूदाबाद गांव में चोरों ने तीन बंद घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि चोरी के बाद बदमाश घरों के बाहर नए ताले लगाकर फरार हो गए, जिससे कई दिनों तक वारदात का किसी को पता ही नहीं चल सका।

घटना का खुलासा तब हुआ, जब दिल्ली में मजदूरी कर रहे परिवार अपने गांव लौटे और घर खोलने का प्रयास किया। पुराने ताले की चाबी से दरवाजा नहीं खुलने पर उन्हें संदेह हुआ। ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर कमरों का सामान बिखरा मिला और अलमारी व बक्सों से कीमती सामान गायब था।

पीड़ितों में महमूदाबाद निवासी मंटू बिंद, लड्डू साव और अरबिंद बिंद शामिल हैं, जो रोजी-रोटी के लिए दिल्ली में मजदूरी करते हैं। अरबिंद बिंद की पत्नी मुनिया देवी ने बताया कि उनके घर से लैपटॉप, सोने की सिकड़ी, चांदी की पायल, नथ, बेसर, चांदी के बर्तन, कांसा-पीतल के बर्तन तथा भगवान शंकर की पीतल की प्रतिमा समेत लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली गई।

वहीं, लड्डू साव ने भी बताया कि उनके घर की अलमारी और बक्से से जेवर, बर्तन तथा अन्य कीमती सामान गायब मिले। लगातार हुई चोरी की इस घटना से गांव के लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर चोरी गए सामान की बरामदगी, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा गांव में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है।

बिंद थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद ने बताया कि उन्हें फिलहाल घटना की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों से आवेदन प्राप्त होने पर पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी।