नालंदा: पुलिस लाइन में खिलेगी हरियाली, पुलिसकर्मियों ने लगाए 1500 पौधे

नालंदा बिहारशरीफ

— पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, लाइन डीएसपी श्याम किशोर रंजन के नेतृत्व में चला वृक्षारोपण अभियान

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी केवल सरकारी विभागों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की भागीदारी से ही धरती को हरा-भरा बनाया जा सकता है। इसी संदेश के साथ बिहारशरीफ पुलिस लाइन परिसर में शनिवार को बड़े पैमाने पर पौधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने मिलकर करीब 1500 पौधे लगाए। पौधारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व लाइन डीएसपी श्याम किशोर रंजन ने किया।

पुलिसकर्मियों ने परिसर के अलग-अलग हिस्सों में पौधे लगाए। इस पहल का उद्देश्य पुलिस लाइन को हराभरा बनाने के साथ-साथ आम लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है। बड़ी संख्या में पौधे लगाए जाने से आने वाले समय में पुलिस लाइन परिसर में हरियाली और बढ़ने की उम्मीद है।

इस मौके पर अधिकारियों ने कहा कि पेड़ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव हैं। बढ़ते प्रदूषण और बदलते पर्यावरणीय परिस्थितियों को देखते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाना जरूरी है। साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

अधिकारियों ने कहा कि पौधारोपण सिर्फ एक दिन का अभियान नहीं होना चाहिए। पौधों को पेड़ बनने तक उनकी जिम्मेदारी से देखभाल करना भी जरूरी है। पुलिस की ओर से भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे अभियान चलाए जाएंगे। इस अभियान ने ‘एक पौधा, एक जिम्मेदारी’ का संदेश दिया। मौके पर सार्जेंट मेजर राजमणि, विवेक कुमार, सार्जेंट हरिओम, अमन भारद्वाज, राजेश्वर झा रौशन समेत अन्य पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।