नालंदा: खिड़की किवाड़ बंद कर बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास, 50 हजार पर मामला रफा दफा करने का दवाब, नहीं बनी बात तो आरोपी हुआ चंपत

नालंदा बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र के एक गांव में 7 साल की बच्ची को डराकर कमरे में बंद करने और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है। बच्ची के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गया। शनिवार को बच्ची के पिता ने बिंद थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता के पिता और दादी के अनुसार, बच्ची शाम को घर से खेलने निकली थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला शकुन्द बिंद (55) कथित तौर पर बच्ची को अपने दालान में ले गया और दरवाजा-खिड़की बंद कर दी। आरोप है कि बच्ची के रोने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया।

चीख सुनकर पहुंचे परिजन
बच्ची की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दरवाजा खुलवाने के बाद परिजनों ने बच्ची को कमरे से बाहर निकाला। परिवार का आरोप है कि लोगों को आता देख आरोपी मौके से भाग गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी ने घटना की जानकारी पुलिस को देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

साथ ही मामला दबाने के लिए 50 हजार रुपये देने का प्रलोभन भी दिया। आरोपी की कथित धमकियों के कारण परिवार कुछ समय तक भयभीत रहा। शनिवार को परिजनों ने हिम्मत जुटाकर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। आरोपी की पत्नी आंगनबाड़ी सेविका बताई जा रही है, जबकि आरोपी गांव में समूह संचालन का काम करता था। आरोपी और बच्ची का घर आसपास ही है।
मामले में ऐसी बात थानाध्यक्ष ने कहीं

बिंद थानाध्यक्ष मुरली आजाद ने टेलीफोन पर बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। जब घटना गुरुवार को घाटी तो आवेदन शनिवार को क्यों दिया गया? आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।