नालंदा: छात्राओं को सरकारी योजनाओं और सुरक्षा व्यवस्था की दी जानकारी

नालंदा बिहारशरीफ

— डीएम ने ‘माई भारत’ पोर्टल से जुड़ने की अपील की, ICCC में 491 CCTV कैमरों की दिखाई लाइव निगरानी

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : छात्राओं को सरकारी योजनाओं, डिजिटल प्लेटफॉर्म और शहर की सुरक्षा व्यवस्था से जोड़ने के उद्देश्य से संवाद एवं एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को जिला प्रशासन, बिहार सरकार और भारत सरकार के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को फॉलो करने की सलाह दी गई, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं, अवसरों और महत्वपूर्ण सूचनाओं की अद्यतन जानकारी मिलती रहे।

जिलाधिकारी ने छात्राओं को ‘माई भारत’ पोर्टल से जुड़कर अपना पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि यह युवाओं की भागीदारी और विकास के अवसर बढ़ाने का उपयोगी मंच है। छात्राएं विभिन्न गतिविधियों, क्विज और अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर नए अनुभव और ज्ञान हासिल कर सकती हैं।

समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश
संवाद के दौरान छात्राओं ने विद्यालय से जुड़ी कई समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को इनके त्वरित समाधान का निर्देश दिया।

विद्यालय में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन लगाने की प्रक्रिया जल्द शुरू करने, विद्यालय और आसपास साफ-सफाई दुरुस्त करने तथा विद्यालय क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था से संबंधित आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। छात्राओं द्वारा बताई गई सुरक्षा संबंधी समस्याओं वाले स्थानों पर निगरानी और नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।

ICCC में 491 CCTV कैमरों की दिखाई लाइव निगरानी

कार्यक्रम के बाद छात्राओं को Integrated Command and Control Centre (ICCC) और One Stop Centre का एक्सपोजर विजिट कराया गया। ICCC में छात्राओं को शहर की सुरक्षा एवं निगरानी के लिए लगाए गए 491 CCTV कैमरों का लाइव प्रदर्शन दिखाया गया।इसके अलावा शहर के 15 प्रमुख क्षेत्रों में लगाए गए Public Address System और 10 प्रमुख स्थानों पर स्थापित Emergency Call Box (ECB) की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। छात्राओं को बताया गया कि आपात स्थिति में ECB के हेल्प बटन के माध्यम से तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।

वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं से कराया परिचित

वन स्टॉप सेंटर के भ्रमण के दौरान छात्राओं को पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए उपलब्ध संरक्षण, आपातकालीन सहायता, विधिक सहायता, काउंसलिंग और चिकित्सा सहायता सहित विभिन्न निःशुल्क सेवाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS), जिला परियोजना प्रबंधक, जिला मिशन समन्वयक, विद्यालय की शिक्षिकाएं और छात्राएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने छात्राओं के उज्ज्वल एवं स्वर्णिम भविष्य की कामना की।