नालंदा में पंचायत समिति सदस्य की गोली मारकर हत्या, एकंगरसराय चौक जाम

नालंदा बिहारशरीफ

तारापुर गांव के पास बाइक सवार श्याम प्रसाद को बदमाशों ने मारी गोली, गले में गोली लगने से मौके पर मौत

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : एकंगरसराय थाना क्षेत्र के तारापुर गांव के पास रविवार की शाम बदमाशों ने बाइक सवार अमनारखास पंचायत के पंचायत समिति सदस्य श्याम प्रसाद की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान जगाई गांव निवासी गनौरी बिंद के 45 वर्षीय पुत्र के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को एकंगरसराय चौक के पास रखकर सड़क जाम कर दिया।

परिजनों के अनुसार, श्याम प्रसाद एक निजी अस्पताल में ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तारापुर गांव के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें नजदीक से गोली मार दी। गोली उनके गले में लगी और गंभीर रूप से घायल श्याम प्रसाद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने शव को एकंगरसराय चौक के पास रखकर सड़क जाम कर दिया और हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सड़क जाम होने से चौक पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही।

परिजनों का कहना है कि श्याम प्रसाद की किसी से कोई दुश्मनी थी या नहीं, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। हत्या के पीछे क्या कारण है और बदमाशों ने उन्हें क्यों निशाना बनाया, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।

इधर, सड़क जाम की सूचना मिलते ही हिलसा डीएसपी-2 कुमार ऋषिराज कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों को समझाया तथा हत्यारों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। काफी देर तक समझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया।

डीएसपी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। हमलावरों की पहचान के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। हत्या के कारणों का पता लगाने के साथ पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।