नालंदा: 15वें वार्षिकोत्सव पर सजा ‘द प्राइड ऑफ बिहार’ का मंच

नालंदा बिहारशरीफ

सम्मान, संस्कृति और उपलब्धियों से यादगार बनी शाम, विशिष्ट अतिथियों ने बढ़ाया समारोह का गौरव

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : आर्यन्स न्यूज़ के 15वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर स्थानीय टाउन हॉल में ‘द प्राइड ऑफ बिहार सम्मान समारोह सह सांस्कृतिक कार्यक्रम’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, समाजसेवा, व्यवसाय, कला और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार, 38 बिहार बटालियन एनसीसी के कर्नल राजेश बहरी, सूबेदार मेजर ललिन्द्र तिग्गा, स्वर्णिका ज्वेलर्स के निदेशक रजत रस्तोगी, तनिष्क शोरूम के निदेशक उमाकांत गुप्ता, एरिस्टोटल बायोलॉजी के निदेशक आशुतोष कुमार, पब्लिक स्कूल एसोसिएशन के सचिव सह बाल कल्याण विद्या कुंज के निदेशक प्रकाश चंद्र रमन, कैरियर पब्लिक स्कूल की उप प्राचार्या अनुप्रिया भारती, एसपी वर्मा कॉलेज की प्राचार्या सुनीता कुमारी, जेई जोन के निदेशक सुजीत कुमार, गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक कुणाल हर्षवर्धन, सी-नेट एडुकेशन एवं सनबीम सेंट्रल स्कूल के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

‘निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की ताकत’ — सांसद कौशलेंद्र कुमार

मौके पर सांसद कौशलेंद्र कुमार ने आर्यन्स न्यूज़ के 15 वर्षों के सफर की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्रीय पत्रकारिता समाज की आवाज को मजबूती देने का काम करती है। उन्होंने कहा कि स्थानीय समस्याओं और उपलब्धियों को प्रमुखता से सामने लाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। आर्यन्स न्यूज़ ने अपने कार्यों से नालंदा में अपनी अलग पहचान बनाई है और आगे भी जनहित की पत्रकारिता को प्राथमिकता देनी चाहिए।

‘युवाओं को सही दिशा देने में मीडिया की बड़ी भूमिका’ — कर्नल राजेश बहरी

कर्नल राजेश बहरी ने कहा कि समाचार केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने का भी सशक्त माध्यम है। युवाओं को सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने में मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने आर्यन्स न्यूज़ की 15 वर्षों की यात्रा को उपलब्धियों से भरा बताते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।

‘विश्वसनीयता ही किसी संस्थान की सबसे बड़ी पूंजी’ — रजत रस्तोगी

स्वर्णिका ज्वेलर्स के निदेशक रजत रस्तोगी ने कहा कि किसी भी संस्था के लिए 15 वर्षों तक निरंतर जनता का विश्वास बनाए रखना बड़ी उपलब्धि है। आर्यन्स न्यूज़ ने स्थानीय स्तर पर खबरों को प्रमुखता देने के साथ समाज की सकारात्मक गतिविधियों को भी मंच प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में विश्वसनीयता और निष्पक्षता सबसे महत्वपूर्ण है।

15 वर्षों की उपलब्धियों का किया उल्लेख

अपने 15 वर्षों के सफर और उपलब्धियों को गिनाते हुए आर्यन्स न्यूज़ नेटवर्क के चीफ एडिटर मृत्युंजय कुमार उर्फ बंटी राज ने कहा कि आर्यन्स न्यूज़ की यात्रा केवल एक समाचार संस्थान की यात्रा नहीं, बल्कि नालंदा और बिहार के लोगों के विश्वास की यात्रा है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद टीम ने हमेशा सच्ची, निर्भीक और जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी।

उन्होंने कहा कि आर्यन्स न्यूज़ ने इन 15 वर्षों में पत्रकारिता के साथ-साथ समाज की प्रतिभाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, खिलाड़ियों और विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले लोगों को सम्मान और पहचान दिलाने का प्रयास किया है। आने वाले वर्षों में संस्थान पत्रकारिता के नए आयाम स्थापित करने के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी अपनी पहुंच को और मजबूत करेगा।

सम्मान समारोह के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में नन्हे कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। पूरा टाउन हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। इस तरह आर्यन्स न्यूज़ का 15वां वार्षिकोत्सव सम्मान, संस्कृति, पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों का यादगार संगम बन गया।