— पीएम सूर्य घर योजना को बढ़ावा देने के लिए बिहारशरीफ टाउन हॉल में हुआ सोलर लोन मेला सह सौर ऊर्जा अग्रदूत पुरस्कार समारोह
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बिहारशरीफ के टाउन हॉल में जिला पदाधिकारी उदिता सिंह की अध्यक्षता में सोलर लोन मेला सह सौर ऊर्जा अग्रदूत पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान डीएम ने सोलर संयंत्र लगाने के लिए तीन चयनित उपभोक्ताओं को बैंकों की ओर से सस्ती दरों पर स्वीकृत ऋण राशि का चेक प्रदान किया।

चेक प्राप्त करने वालों में चंडी प्रमंडल की बबिता देवी को भारतीय स्टेट बैंक, रूरल-2 प्रमंडल के धीरज कुमार को पंजाब नेशनल बैंक और रूरल-1 प्रमंडल के सत्येंद्र साव को बिहार ग्रामीण बैंक से ऋण की स्वीकृति मिली।
मेले में कुल 278 उपभोक्ताओं ने योजना की जानकारी ली, जबकि 73 लोगों ने मौके पर ही पंजीकरण कराकर सोलर संयंत्र लगाने की सहमति दी। वहीं विभिन्न बैंकों ने 14 उपभोक्ताओं के ऋण को मौके पर ही मंजूरी दी।
एसबीआई को मिला पहला स्थान
योजना के तहत सोलर संयंत्र स्वीकृत करने में भारतीय स्टेट बैंक ने 339 संयंत्रों के साथ पहला स्थान हासिल किया। पंजाब नेशनल बैंक ने 153, केनरा बैंक ने 63, बिहार ग्रामीण बैंक ने 59 और बैंक ऑफ बड़ौदा ने 37 प्लांट स्वीकृत किए। बेहतर प्रदर्शन करने वाले बैंकों को सम्मानित किया गया।
पिछले तीन महीनों में बेहतर कार्य करने वाले पांच संवेदकों को भी प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार दिया गया। इनमें 23 इंस्टॉलेशन के साथ कुमार पॉवर्स, 19 इंस्टॉलेशन वाले मेसर्स रुद्रमंगलम सोलर एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड, 16 इंस्टॉलेशन वाले कल्याण इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्रीज, 14 इंस्टॉलेशन वाले मां गिरिजा ऑटोमोबाइल्स और 11 इंस्टॉलेशन करने वाले विवेकानंद एंटरप्राइजेज शामिल हैं।
जनप्रतिनिधियों और उपभोक्ताओं को भी सम्मान
योजना का प्रचार-प्रसार करने और स्वयं सोलर संयंत्र स्थापित करने वाले जनप्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें वार्ड पार्षद संजय कुमार, वार्ड पार्षद रेणु कुमारी मेहता, एकंगरसराय नगर पंचायत की उपमुख्य पार्षद सरिता देवी, धोबडीहा पंचायत की मुखिया शारदा सिन्हा और चंडी नगर पंचायत के वार्ड पार्षद सूरज प्रसाद शामिल रहे।
इसके अलावा जिले के विभिन्न विद्युत अवर प्रमंडलों से बेहतर सहभागिता के लिए सर्विला देवी, सतेन्द्र कुमार, शिव नंदन प्रसाद, सुधा कुमारी, उदय प्रसाद, बिनोद प्रसाद, देवेंद्र कुमार, आमोद कुमार, प्रमोद कुमार, गोपाल शरण और शिवमोहन प्रसाद को भी प्रशस्ति पत्र दिया गया।
डीएम उदिता सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को स्वच्छ ऊर्जा के स्रोत सौर ऊर्जा से जुड़ना चाहिए। सरकार योजना के तहत वित्तीय सहायता और अनुदान दे रही है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ने की अपील की, ताकि नालंदा सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बना रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इस दौरान डीएम ने टाउन हॉल परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉल और कैनोपी का निरीक्षण कर योजना से संबंधित जानकारी ली। मौके पर पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, विद्युत विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मी मौजूद रहे।
