“अटल जी का जीवन हम सबके लिए राष्ट्रसेवा का मंत्र”: जिलाध्यक्ष राजेश कुमार

नालंदा

नालंदा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम कर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी को नमन

बिहारशरीफ: अविनाश पांडेय : करोड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत, भारतीय जनता पार्टी के प्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न *स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी* की पुण्यतिथि के अवसर पर आज भाजपा नालंदा द्वारा जिला कार्यालय, मेहनौर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नालंदा के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार ने की। इस दौरान अटल जी के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलन किया गया और 2 मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा:

“अटल जी सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि एक विचार थे। उन्होंने राजनीति में शुचिता, शालीनता और राष्ट्र प्रथम का जो आदर्श स्थापित किया, वह आज भी करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक है। भाजपा को जनसंघ से जन-जन की पार्टी बनाने में अटल जी की भूमिका ऐतिहासिक रही। उनका ‘सबका साथ, सबका विकास’ का मंत्र आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में साकार हो रहा है। नालंदा के हर कार्यकर्ता ने आज संकल्प लिया है कि अटल जी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए पार्टी और देश की सेवा में अपना सर्वस्व समर्पित करेंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि अटल जी का जीवन हमें सिखाता है कि विरोधी भी विचारों का सम्मान करते हैं और सत्ता से ज्यादा देश बड़ा होता है। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों ने अटल जी द्वारा लिखी कविताओं का पाठ किया और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा की। साथ ही सेवा कार्यों के माध्यम से पुण्यतिथि मनाने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अरविंद पटेल, डा आशुतोष कुमार,नीरज कुमार डब्ल्यू, जिला महामंत्री शिवरतन प्रसाद, जिला मंत्री अमरेश कुमार, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास कुमार, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रूचि श्री वास्तव, जिला प्रवक्ता अमरकांत भारती, जिला प्रशिक्षण प्रकोष्ठ संयोजक सतीश प्रसाद,प्रणव कुमार सिन्हा, आलोक रंजन, राजीव कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।