बीपी डेस्क। बिहार के मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में राज्य में संचालित प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष राशन कार्ड अभियान तथा ऊर्जा विभाग की ‘पीएम सूर्य घर मुफ़्त बिजली योजना’ की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया गया।
- विशेष अभियान के तहत राशन कार्ड आवेदन निष्पादन की स्थिति – खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने राशन कार्ड निर्गमन की स्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे और तेज करने का निर्देश दिया:
- कुल आवेदन: विशेष अभियान के तहत राज्य भर में 13,93,704 ऑफ़लाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से जांच के उपरांत 11,83,792 आवेदन पात्र पाए गए हैं।
- डेटा प्रविष्टि : 17 अगस्त 2026 तक 4,13,079 आवेदनों (35%) की डेटा एंट्री पूरी हो चुकी है। जहानाबाद (104%), दरभंगा (102%), अरवल (98%) और बांका (98%) डेटा एंट्री के मामले में शीर्ष पर हैं।
- e-KYC और कार्ड जनरेशन: कुल 13,292 आवेदनों को e-KYC के लिए सक्षम किया गया है, जिनमें से 1,569 का e-KYC पूरा हो चुका है। अब तक एसडीओ लॉगिन के माध्यम से 6,826 राशन कार्ड जारी किए जा चुके हैं। Saharsa जिले ने सर्वाधिक 2,124 राशन कार्ड जारी किए हैं।
- पीएम सूर्य घर मुफ़्त बिजली योजना एवं यूएलए (ULA) की प्रगति – ऊर्जा विभाग के अंतर्गत पीएम सूर्य घर योजना के क्रियान्वयन को गति देने के लिए राज्य सरकार और प्रशासनिक स्तर पर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं:
- राज्य कैबिनेट की अतिरिक्त सब्सिडी: 12 अगस्त 2026 को बिहार कैबिनेट ने पीएम सूर्य घर योजना के तहत ₹10,000 प्रति किलोवाट (अधिकतम ₹20,000 प्रति लाभार्थी) की अतिरिक्त राज्य सब्सिडी को मंजूरी दी है। केंद्र की CFA सब्सिडी के साथ मिलकर 1 kW पर ₹40,000, 2 kW पर ₹80,000 और 3 kW पर ₹98,000 की कुल सब्सिडी मिलेगी। यह लाभ ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर 5 लाख लाभार्थियों को दिया जाएगा, जिस पर राज्य सरकार ₹1,000 करोड़ खर्च करेगी।
- जिलावार लक्ष्य तय: 14 अगस्त 2026 को सभी जिलों के लिए कुल 5,00,000 सोलर रूफटॉप इंस्टॉलेशन का अनंतिम लक्ष्य निर्धारित कर फील्ड टीमों को भेज दिया गया है। पटना (28,000), पूर्वी चंपारण (24,000) और मुजफ्फरपुर (23,000) सबसे बड़े लक्ष्य वाले जिले हैं।
- साप्ताहिक प्रगति (10–16 अगस्त 2026): इस सप्ताह में 14,079 स्ट्रक्चर (36% वृद्धि) और 6,690 सोलर पैनल (48% वृद्धि) स्थापित किए गए हैं। कुल मिलाकर 35,879 स्ट्रक्चर और 14,656 पैनल लगाए जा चुके हैं।
- जन जागरूकता: पटना के गांधी मैदान में झांकी, दरभंगा व गया में कार्यशालाएं, पूर्णिया में थिएटर/रेडियो विज्ञापन, जहानाबाद व नवादा में सोलर रथ यात्रा तथा विभिन्न जिलों में ‘सोलर मेलों’ का आयोजन कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत के प्रमुख दिशा-निर्देश:
- सख्त कार्रवाई: कार्य में लापरवाही और देरी बरतने वाली एजेंसी M/s Landsky Engineers Pvt. Ltd. का LOA रद्द करते हुए उसे डिबार (Debar) कर दिया गया है। मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि काम न करने वाली एजेंसियों को बख्शा नहीं जाएगा।
- पेन्डेन्सी खत्म करने का आदेश: 7 दिनों से अधिक लंबित 132 निरीक्षणों को अविलंब पूरा करने और 14 दिनों के औसत निरीक्षण समय में कमी लाने के निर्देश दिए गए।
- सप्लाई चेन मजबूत करना: वर्तमान में 12,407 स्ट्रक्चर और 17,610 पैनल इन्वेंट्री में उपलब्ध हैं तथा 13,200 स्ट्रक्चर व 3,112 पैनल इन-ट्रांजिट हैं। एजेंसियों को निर्देश दिया गया कि नवंबर 2026 तक निर्धारित दैनिक लक्ष्य प्राप्त करने के लिए सामग्री की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करें।
- राशन कार्ड में तेजी: e-KYC की लंबित प्रक्रियाओं को मिशन मोड में पूरा कर पात्र लाभार्थियों के राशन कार्ड जल्द से जल्द निर्गत करने का आदेश दिया गया।
- अगली बैठक में मुख्य अभियंताओं की अनिवार्य उपस्थिति: आगामी समीक्षा बैठक में संबंधित सभी मुख्य अभियंताओं को व्यक्तिगत रूप से बैठक में उपस्थित होने का आदेश दिया गया है।
