Biharsharif/Avinash pandey: वेना थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 लीटर देसी शराब जब्त की है। वहीं शराब बनाने के लिए तैयार किए गए करीब 1000 लीटर मीठे घोल को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक कथित शराब कारोबारी को भी गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने सोमवार को बताया कि पुलिस ने यह कार्रवाई पैठना खंधा और देवी स्थान वेना क्षेत्र में की।









पैठना खंधा में छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने करीब एक हजार लीटर मीठा घोल बरामद किया। पुलिस ने मौके पर ही घोल को नष्ट कर दिया। इसके अलावा शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री को भी नष्ट किया गया।
वहीं, देवी स्थान वेना में पुलिस ने कथित शराब कारोबारी पिंटू यादव के ठिकाने पर छापेमारी की। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी भागने लगा। जवानों ने पीछा करते हुए उसे कमल बिगहा पैन के पास से पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, पिंटू यादव के ठिकाने की तलाशी के दौरान दो प्लास्टिक के डिब्बों से करीब 30 लीटर देसी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
