सासाराम /अरविंद कुमार सिंह। मुख्यमंत्री बिहार के निर्देश पर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को रोहतास जिले में ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। संझौली प्रखंड के संझौली पंचायत सरकार भवन में आयोजित शिविर की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने की। इस दौरान वरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
शिविर में जिला पदाधिकारी ने पात्र लाभुकों के बीच विभिन्न प्रमाण-पत्र और प्रोत्साहन राशि का वितरण किया। अभियान बसेरा-02 के तहत 10 लाभुकों को बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र भी दिया गया। शिविर में प्राप्त कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया।
डीएम ने बताया कि सहयोग शिविरों के आयोजन से पहले पंचायत स्तर पर विशेष अभियान चलाकर लोगों से शिक्षा, जन्म प्रमाण-पत्र, नल-जल योजना, राशन कार्ड, श्रम कार्ड, भूमि परिमार्जन और भूमि मापी समेत विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन लिए गए थे। इन आवेदनों का संबंधित विभागों द्वारा प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया गया।
उन्होंने बताया कि जिले में आयोजित सहयोग शिविरों और ऑनलाइन माध्यम से अब तक कुल 13,278 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 12,282 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि शेष आवेदनों पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई की जा रही है।
इधर, नोखा प्रखंड के धरमपुरा, सिरकंडा और नगर परिषद क्षेत्र के लालगंज में भी सहयोग शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में ग्रामीणों और नगर क्षेत्र के लोगों से विभिन्न सरकारी योजनाओं और स्थानीय समस्याओं से संबंधित आवेदन लिए गए तथा कई मामलों का मौके पर समाधान किया गया।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविरों में प्राप्त प्रत्येक आवेदन और शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं ऑनलाइन माध्यम से भी दर्ज कराएं, ताकि उनका शीघ्र संज्ञान लेकर नियमानुसार समाधान किया जा सके।
